बर्फबारी से कश्मीर में टूटे सेब के पेड़, मुआवजे की मांग

बर्फबारी से कश्मीर के किसानों को काफी नुकसान हुआ है, इसका जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के सदस्य 22 नवंबर को कश्मीर जाएंगे 

By Anil Ashwani Sharma
Published: Monday 11 November 2019
कश्मीर में बर्फबारी से टूटे सेब के पेड़ दिखाता किसान।

कश्मीरी किसानो की हालात जानने के लिए किसानों का एक संगठन आगामी 22 नवंबर को श्रीनगर जाएगा। इसके बाद वहीं 23 व 24 नवम्बर को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के कश्मीर के संयोजक तनवीर अहमद डार के नेतृत्व में किसानों की मीटिंग श्रीनगर में आयोजित की जाएगी।

बैठक में कश्मीर के किसानों की समस्या पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। इस बैठक में महासंघ के अध्यक्ष शिव कुमार कक्काजी व अन्य किसान नेता भाग लेंगे। 

एक बयान में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्काजी ने कश्मीर के सेब के किसानों को मुआवजा देने की मांग केंद्र सरकार से की है। कक्काजी ने कहा कि बेमौसम बर्फबारी की वजह से किसानों के 40 प्रतिशत पेड़ टूट गए हैं और अभी 30 प्रतिशत सेब पेड़ों पर ही थे, इस तरह किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। ऐसे में उनकी राहत के लिए तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। 

कक्काजी ने कहा कि कश्मीर में किसानों और ट्रक ड्राइवरों को आतंकियों द्वारा लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे किसानों व  परिवहन से जुड़े लोगों में भय का माहौल का बना हुआ है। उन्होंने  कहा कि किसानों को सुरक्षा प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। पिछले एक महीने के दौरान दिल्ली तक सेब भेजने का ट्रांसपोर्ट खर्च भी दोगुना हो गया है, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

संगठन के कार्यकर्ता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि किसानों की हकीकत जानने के लिए शिव कुमार कक्काजी के नेतृत्व एक केंद्रीय टीम 22 नवम्बर को कश्मीर दौरे पर जाएगी और कश्मीर के सभी किसानों से मुलाकात करेंगे। कश्मीर के किसानों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी और कश्मीर के किसानों को देश के किसान आंदोलन की मुख्यधारा में शामिल किया जाएगा। 

Subscribe to Weekly Newsletter :