फसलों के उत्पादन का दूसरा अग्रिम अनुमान जारी, तिलहन-दलहन के रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान

केंद्र सरकार ने 2021-22 के लिए मुख्य फसलों के उत्पादन के दूसरा अग्रिम अनुमान जारी किया

By DTE Staff

On: Wednesday 16 February 2022
 

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने 2021-22 के लिए मुख्य फसलों के उत्पादन के दूसरा अग्रिम अनुमान जारी किया है। इसके अनुसार, देश में 31.60 करोड़ टन रिकार्ड खाद्यान्न उत्पादन होगा। मंत्रालय के मुताबिक 2020-21 में 31.07 करोड़ टन अनाज का उत्पादन हुआ था। इस तरह 2021-22 में लगभग 53 लाख टन खाद्यान्न का अतिरिक्त उत्पादन होने का अनुमान है।

मंत्रालय की ओर से दी जानकारी में कहा गया है कि दूसरे अग्रिम अनुमान में मुख्य फसलों के अनुमानित उत्पादन इस प्रकार है:

खाद्यान्न - 31.60 करोड़ टन (रिकार्ड)
चावल – 12.79 करोड़ टन (रिकार्ड)
गेहूं – 11.13 करोड़ टन(रिकार्ड)
पोषक/मोटे अनाज– 4.98 करोड़ टन 
मक्का- 3.24 करोड़ टन (रिकार्ड)
दलहन- 2.69 करोड़ टन (रिकार्ड)
तूर- 40 लाख टन
चना- 1.31 करोड़ टन (रिकार्ड)
तिलहन – 3.71 करोड़ टन (रिकार्ड)
मूंगफली - 98 लाख टन
सोयाबीन – 1.31 करोड़ टन
रेपसीड एवं सरसों- 1.14 करोड़ टन (रिकार्ड)
गन्ना – 41.40 करोड़ टन (रिकार्ड)
कपास - 3.40 करोड़ गांठें (प्रति 170 कि.ग्रा.)
पटसन एवं मेस्टा - 95.7 लाख गांठें (प्रति 180 कि.ग्रा.)

मंत्रालय के मुताबिक वर्ष 2021-22 के दौरान उत्पादन विगत पांच वर्षों (2016-17 से 2020-21) के औसत खाद्यान्न उत्पादन की तुलना में 2.53 करोड़ टन अधिक है।

इसी तरह 2021-22 के दौरान चावल का कुल उत्पादन 12.79 करोड़ टन रिकॉर्ड अनुमानित है। और यह विगत पांच वर्षों के 11.64 करोड़ टन औसत उत्पादन की तुलना में 1.15 करोड़ टन अधिक है।

वर्ष 2021-22 के दौरान गेहूं का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 11.13 करोड़ टन अनुमानित है। यह विगत पांच वर्षों के 10.39 करोड़ टन औसत उत्पादन की तुलना में 74.4 लाख टन अधिक है।

पोषक/मोटे अनाजों का उत्पादन 4.98 करोड़ टन अनुमानित है, जो औसत उत्पादन की तुलना में 32.8 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2021-22 के दौरान कुल दलहन उत्पादन 2.69 करोड़ टन अनुमानित है, जो विगत पांच वर्षों के 2.38 करोड़ टन औसत उत्पादन की तुलना में 31.4 लाख टन अधिक है।

इस बार तिलहन उत्पादन में पिछले सारे रिकॉर्ड टूटने का अनुमान है। मंत्रालय ने 2021-22 के दौरान देश में कुल तिलहन उत्पादन 3.71 करोड़ टन का अनुमान लगाया है। जो वर्ष 2020-21 के दौरान 3.59 करोड़ टन उत्पादन की तुलना में 12 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, वर्ष 2021-22 के दौरान तिलहनों का उत्पादन औसत तिलहन उत्पादन की तुलना में 44.6 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2021-22 के दौरान देश में गन्ना का उत्पादन 41.40 करोड़ टन अनुमानित है, जो 37.34 करोड़ टन औसत गन्ना उत्पादन की तुलना में 4.06 करोड़ टन अधिक है।

कपास का उत्पा‍दन 3.40 करोड़ गांठें (प्रति 170 कि.ग्रा.) अनुमानित है, जो 3.29 करोड़ गांठें औसत उत्पादन की तुलना में 11.2 लाख गांठें अधिक है। पटसन व मेस्ता का उत्पादन 95.7 लाख गांठें (प्रति 180 कि.ग्रा.) अनुमानित हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter