142 वर्षों में तीसरा सबसे गर्म महीना रहा यह अक्टूबर

एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्टूबर का बीता माह पिछले 142 सालों के मुकाबले तीसरा सबसे गर्म महीना रिकॉर्ड किया गया

On: Tuesday 09 November 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

बीता अक्टूबर महीना 142 सालों में तीसरा सबसे अधिक गर्म रहा। इससे पहले 2019 और 2015 का अक्टूबर महीना इससे गर्म रहा था। यूरोपीय संघ के पृथ्वी अवलोकन कार्यक्रम, कोपरनिकस द्वारा जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है।

8 नवंबर को जारी एक नए विश्लेषण रिपोर्ट में कोपरनिकस ने कहा, " वर्ष 2021 का अक्टूबर महीना 1991-2020 के औसत से 0.42 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म था, जो अब तक का तीसरा सबसे गर्म अक्टूबर हो सकता है।"

इता ही नहीं, यह महीना 2015 और 2019 में पिछले दो रिकॉर्ड तोड़ अक्टूबर की तुलना में 0.04 डिग्री सेल्सियस ठंडा भी था। अक्टूबर 2021 में औसत तापमान इसी महीने के 1991-2020 के औसत से 0.42 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म था।

कोपरनिकस के अनुसार, सितंबर 2021 विश्व स्तर पर चार सबसे गर्म सितंबर में से एक था। संयुक्त राज्य अमेरिका की एजेंसी, नेशनल सेंटर फॉर एनवायर्नमेंटल इंफॉर्मेशन (एनसीईआई) ने यह भी कहा कि सितंबर 2021 में वैश्विक सतह का तापमान 1880 के बाद से महीने के लिए पांचवां सबसे अधिक था। एनसीईआई के अनुसार, 142 वर्षों में अगस्त 2021 छठा सबसे गर्म अगस्त था। .

एनसीईआई का कहना है कि 142 साल से मौसम के आंकड़ों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है, तब से लेकर अगस्त 2021 छठा सबसे गर्म अगस्त था। इसी तरह, कोपरनिकस के अनुसार, जुलाई 2021 तीसरा सबसे गर्म जुलाई का महीना था और यह महीना, जुलाई 2019 और जुलाई 2016 की तुलना में 0.1 डिग्री सेल्सियस से कम ठंडा था।

जून 2021 भी 142 वर्षों में पांचवां सबसे गर्म जून का महीना था। इसी तरह मई 2021 दुनिया का छठा सबसे गर्म मई रिकॉर्ड किया गया।

कोपरनिकस के अनुसार, दुनिया भर से अक्टूबर 2021 में औसत तापमान सामान्य से अधिक रहा। यूरोप के उत्तर में तापमान औसत से अधिक और दक्षिण-पूर्व में औसत से नीचे था। उत्तरी कनाडा, उत्तरी रूस और पूर्वी अंटार्कटिका में औसम से अधिक तापमान महसूस किया गया। जबकि दक्षिणी अफ्रीका, दक्षिणी ऑस्ट्रेलिया और पश्चिमी अंटार्कटिका में औसत से अधिक ठंड महसूस की गई।

विश्लेषण में आगे कहा गया है: “अक्टूबर 2021 में उत्तरी और दक्षिणपूर्वी यूरोप में तापमान में विसंगतियां देखी गई। उत्तरी क्षेत्रों में 1991-2020 के औसत के मुकाबले अक्टूबर अधिक गर्म था। नॉर्वे में अक्टूबर का महीना औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। यहां यह महीना 120 वर्षों में आठवां सबसे गर्म रहा।

1850 से1900 के मुकाबले अक्टूबर 2021 तक के 12 महीने वैश्विक तापमान 1.1 से 1.2 डिग्री सेल्सियस ऊपर रिकॉर्ड किया गया। उल्लेखनीय है कि ग्लोबल वार्मिंग की दर को मापने के लिए यह संदर्भ अवधि है।

इससे पहले, विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने कहा था कि 2015 और 2021 सबसे गर्म वर्ष रहेंगे। डब्ल्यूएमओ स्टेट ऑफ द ग्लोबल क्लाइमेट 2021 की प्रोविजनल रिपोर्ट में पहले नौ महीने के मौसम के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है।

Subscribe to our daily hindi newsletter