कोरोनावायरस अपडेट: भारत में मरीजों की संख्या 236 हुई
आईसीएमआर ने शाम छह बजे तक आंकड़े जारी किए, जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय के शाम पांच बजे तक के आंकड़ों में 196 बताया गया
By DTE Staff
Published: Friday 20 March 2020
इंडियन कौंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने 20 मार्च की शाम छह बजे जारी रिपोर्ट में कहा गय है कि भारत में कोरोनावायरस संक्रमित बीमारी (कोविड-19) के मरीजों की संख्या 236 हो गई है। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शाम पांच बजे तक के आंकड़ों में पॉजीटिव केस की संख्या 196 बताई है। जबकि मंत्रालय ने सुबह आंकड़े जारी ही नहीं किए। 19 मार्च तक मंत्रालय की ओर से सुबह-शाम आंकड़े जारी किए जाते थे।
आईसीएमआर की सूचना के मुताबिक, कुल 15,514 लोगों के सैंपल लिए गए, इनमें से 14,514 सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 22 मरीज ठीक हो चुके हैं। ठीक होने वालों में सबसे अधिक उत्तर प्रदेश के हैं। यहां के 22 में से 9 मरीज ठीक हो चुके हैं।
इटली में चीन से अधिक मौतें
वहीं कोविड-19 से मरने वालों की संख्या इटली में चीन से अधिक हो गई है। 19 मार्च की शाम तक के आंकड़े बताते हैं कि इटली में कोविड-19 से 3,405 लोगों की मौत जो चुकी है, जबकि चीन में 3,245 लोगों की मौत हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के इमरजेंसी प्रोग्राम डायरेक्टर माइक रयान का कहना है कि इटली में वृद्ध लोगों की संख्या अधिक होने के कारण वहां मौत अधिक हो रही है।
वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि वैश्विक आर्थिक मंदी का प्रकोप लगभग तय है।