Sign up for our weekly newsletter

कोरोनावायरस अपडेट: भारत में मरने वालों की संख्या 7 हुई, 24 मरीज ठीक हुए

भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 341 तक पहुंची

By DTE Staff

On: Sunday 22 March 2020
 
Photo: Pixabay
Photo: Pixabay Photo: Pixabay

कोरोनावायरस संक्रमित (कोविड-19) दो और मरीजों की मौत हो गई। भारत में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 7 पहुंच गई है। वहीं, अब तक 24 मरीज ठीक हो चुके हैं।

22 मार्च को तीन लोगों की मौत की वजह कोविड-19 कंफर्म की गई। मरने वालों में एक महाराष्ट्र, एक बिहार और एक गुजरात से है। 

महाराष्ट्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती एक 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस व्यक्ति को कोरोनावायरस की पुष्टि हुई थी। वह 19 मार्च को अस्पताल में भर्ती हुए थे और डायबिटीज व हार्ट पेशेंट थे।

इसके अलावा पटना के एम्स में भर्ती एक 38 वर्षीय व्यक्ति की भी कोरोनावायरस की वजह से मौत से हो गई। वह मुंगेर का रहने वाला था और पिछले दिनों कतर से लौटा था। वहीं, गुजरात के सूरत में एक 69 वर्षीय व्यक्ति की मौत का कारण भी कोरोनावायरस बताया गया है।

वहीं इंडियन मेडिकल रिसर्च कौंसिल (आईसीएमआर) ने 22 मार्च सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों में बताया है कि भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 341 हो चुकी है। जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सुबह नौ बजे तक के आंकड़ों में मरीजों की संख्या 324 बताई है। सबसे अधिक मरीज महाराष्ट्र में हैं। यहां मरीजों की संख्या 60 पहुंच चुकी है। जबकि केरल में 45, दिल्ली में 26, उत्तर प्रदेश में 24, कर्नाटक में 20 मरीजों की पहचान हो चुकी है।

कोरोनावायरस के मरीज अभी कुछ राज्यों में नहीं मिले हैं। उनमें पूर्वोत्तर के सात राज्य, दमन दीव, दादर नागर हवेली, अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और झारखंड शामिल हैं।

दुनिया भर में 13,068 मौतें

दुनियार भर में 22 मार्च तक 308,257 कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की पहचान हो चुकी है। इनमें 95,838 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,068 मरीजों की मौत हो चुकी है।