कोरोनावायरस अपडेट: 9 लोगों की मौत, 467 मरीजों की पहचान
23 मार्च को महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई
On: Monday 23 March 2020
कोरोनावायरस बीमारी (कोविड-19) से भारत में 23 मार्च को दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 9 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 23 मार्च को शाम 8.15 बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक, अब तक कोविड-19 के 467 मरीजों की पहचान हो चुकी है। हालांकि इनमें से 34 लोगों के ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है।
कोविड-19 से 23 मार्च को महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग दो लोगों की मौत हुई। इसी तरह महाराष्ट्र में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसे पहले दिल्ली, बिहार, पंजाब, गुजरात, कर्नाटक, केरल में एक-एक मरीज की मौत हुई है।
महाराष्ट्र में अब मरीजों की संख्या 74 हो गई है, लेकिन केरल में 23 मार्च को अचानक मरीजों की संख्या बढ़ गई। यहां अब कोविड-19 मरीजों की संख्या 67 पहुंच गई है। इसके बाद केरल ने पूरे राज्य को लॉकडाउन कर दिया है। इसके अलावा दिल्ली में 29, उत्तर प्रदेश में 31, तेलंगाना में 32, उत्तराखंड में 3, लद्दाख में 13, राजस्थान में 28, चंडीगढ़ में 6, पंजाब में 21, कर्नाटक में 33, हरियाणा में 12 भारतीय और 14 विदेशी, गुजरात में 29 मरीजों की पहचान हो चुकी है।

