उत्तर प्रदेश: आबादी में सबसे ऊपर लेकिन कोविड-19 के सक्रिय मामलों में 11वें नंबर पर

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 5,158 पहुंच गई है

By Raju Sajwan

On: Wednesday 05 January 2022
 
कोविड-19 से होने वाली मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश चौथे नंबर पर है

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। 5 जनवरी 2022 को उत्तर प्रदेश में 2,038 नए मामले सामने आए हैं।

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने 5 जनवरी को शाम को बताया कि आज यानी पांच जनवरी को 2,038 नए मामले सामने आए हैं और एक्टिव मामलों की संख्या 5,158 पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में 16,88,058 लोग कोविड से ठीक हो चुके हैं।

लेकिन अगर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 5 जनवरी 2021 को सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के हिसाब से देखें तो आबादी के मामले में सबसे ऊपर रहने वाला उत्तर प्रदेश कोविड-19 के एक्टिव मामलों में 11वें नंबर पर है। इन आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में 912 मामले सामने आए थे और राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 3,173 पहुंच गई थी।

एक्टिव मामलों में महाराष्ट्र (70,005), पश्चिम बंगाल (25,475), केरल (20,877), दिल्ली (14,889), कर्नाटक (13,561), तमिलनाडु (12,412), गुजरात (7881), झारखंड (7681), तेलंगाना (4858), राजस्थान (3183) के बाद उत्तर प्रदेश का नंबर आता है। हालांकि इन राज्यों में 5 जनवरी की शाम तक के आंकड़े आने शेष हैं, लेकिन अगर इन्हीें आंकड़ों को आधार बनाया जाए तो भी एक्टिव केसों के मामले में उत्तर प्रदेश नौवें स्थान पर हैं।

ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले में भी उत्तर प्रदेश अभी 11वें नंबर पर है। यहां अब तक 31 मामले ही सामने आए हैं। जबकि ओडिशा में 37, हरियाणा में 71, कर्नाटक में 77, तेलंगाना में 84, तमिलनाडु में 121, गुजरात में 154, राजस्थान में 174, केरल में 185, दिल्ली में 464, महाराष्ट्र में 653 ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले सामने आ चुके हैं।

कोविड-19 से मौतों के मामले में महाराष्ट्र सबसे ऊपर है। मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश चौथे नंबर पर है। अब तक महाराष्ट्र में 1,41,573 लोगों की मौत कोविड-19 से हो चुकी है। इसके बाद केरल में 48637, कर्नाटक में 38355, तमिलनाडु में 36805 के बाद उत्तर प्रदेश में 22916 मौत हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य अपर मुख्य सचिव के मुताबिक आज (5 जनवरी 2022) को एक भी मौत नहीं हुई।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि कल प्रदेश में 1,92,430 सैंपल लिए गए और अब तक राज्य में 9 करोड़ 37 लाख 93 हजार 314 सैंपल की जांच हो चुकी है।

5 जनवरी 2022 को ही उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी किए हैं कि राज्य में हर दिन तीन से चार लाख सैंपलों की जांच की जाए। 

यहां यह उल्लेखनीय है कि इस साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं और राज्य में बढ़ते कोविड-19 मामलों को देखते यहां चुनावी रैलियों पर सवाल उठ रहे हैं। लेकिन अगर आंकड़े देखें तो कोविड-19 मामले अभी अन्य राज्यों की तुलना में कम हैं। 

उत्तर प्रदेश में नए साल से मामलों में उछाल आया है। 31 दिसंबर 2021 को 251 मामले एक्टिव थे, लेकिन एक जनवरी 2022 को 383, दो जनवरी को 552, तीन जनवरी को 572 और चार जनवरी को 992 मामले एक्टिव थे। जो अब सात जनवरी को 5158 हो गई है। 

अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि बेशक राज्य में संक्रमण दर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन ज्यादातर मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। उन्होंने कहा कि मरीजों में लक्षण काफी हल्के हैं, इसलिए लोगों को घबराने नहीं बल्कि सचेत रहने की जरूरत है।

 

Subscribe to our daily hindi newsletter