चक्रवात मांडूस:आज शाम तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर डिप्रेशन में बदलने के आसार

चक्रवात के चलते उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी समेत इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है

By Dayanidhi

On: Tuesday 06 December 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान समुद्र पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर अच्छी तरह से उजागर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र के रूप में बन गया है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

इसके पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और आज यानी छह दिसंबर की शाम तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में एक अवसाद या डिप्रेशन में बदलने का पूर्वानुमान है। इसके बाद, इसके पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने तथा और तेज होकर एक चक्रवाती तूफान में बदलकर और तेज होने के आसार हैं। आठ दिसंबर की सुबह तक इसके उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी और आसपास के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

चक्रवात मांडूस के कारण आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

सात दिसंबर की मध्यरात्रि से उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने के आसार हैं। इन राज्यों के अधिकांश इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं

आठ दिसंबर को उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। नो दिसंबर को तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने और दस दिसंबर को आंतरिक तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल।

वहीं सात दिसंबर की मध्यरात्रि से दक्षिण आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। दक्षिण आंध्र प्रदेश में आठ दिसंबर को कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने तथा नो और दस दिसंबर को अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने तथा वर्षा में वृद्धि होने की की आशंका जताई गई है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम और बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण-पूर्व में 45- से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने का अनुमान है।

चक्रवात मांडूस की गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter