चक्रवात 'मांडूस' अपडेट: तमिलनाडु समेत दक्षिणी आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, चेन्नई में नुकसान

चक्रवात 'मांडूस' पिछले छह घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तरी तमिलनाडु में एक गहरे दबाव में बदलकर कमजोर पड़ गया है।

By Dayanidhi

On: Saturday 10 December 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान "मांडूस" ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में मामल्लपुरम (महाबलीपुरम) के करीब उत्तरी तमिलनाडु तट को छू लिया है।

मांडूस नाम के तूफान ने नौ दिसंबर को भारतीय समय के मुताबिक रात करीब 11:30 बजे और 10 दिसंबर को 01:30 पर उपरोक्त हिस्सों को पार कर लिया है। इस दौरान 65 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाएं 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच गई थी।

मौसम विभाग ने बताया कि यह पिछले छह घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तरी तमिलनाडु में एक गहरे दबाव में बदलकर कमजोर पड़ गया है।

आज यानी 10 दिसंबर को भारतीय समय के अनुसार 05:30 बजे यह ममल्लापुरम (महाबलीपुरम) से लगभग 70 किमी उत्तर पश्चिम और चेन्नई से 50 किमी पश्चिम में था। इसके लगभग पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 10 दिसंबर की दोपहर तक धीरे-धीरे कमजोर होकर अवसाद या डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त चक्रवाती गतिविधि को देखते हुए आज यानी 10 दिसंबर को उत्तर तमिलनाडु और रायलसीमा तथा इससे सटे दक्षिण आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार जताए हैं। वहीं मौसम विभाग ने इन इलाकों के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का भी पूर्वानुमान लगाया है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में 10 दिसंबर को 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। वही आज दोपहर तक हवाओं के 50 किमी प्रति घंटे से घटकर 30 से 40 किमी प्रति घंटे होने की संभावना है।

10 दिसंबर की सुबह के समय तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर 55 से 65 किमी प्रति घंटे की गति से लेकर 75 किमी प्रति घंटे की गति तक तूफानी हवाओं के चलने की आशंका जताई गई है। दोपहर तक हवाओं की रफ्तार में विराम लगकर इनकी रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे से घटकर 30 से 40 किमी प्रति घंटे होने की संभावना है।

10 दिसंबर को मन्नार की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका है।

10 दिसंबर की सुबह के समय दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से दूर बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य के आस-पास के इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से में तब्दील होने के आसार हैं। उसके बाद हवाओं के धीरे-धीरे 50 किमी प्रति घंटे की गति से घटकर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने चक्रवात संबंधी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को सलाह दी है कि वे 10 दिसंबर की शाम तक दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तर श्रीलंका तट पर न जाएं। वहीं 10 दिसंबर की शाम तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों तथा मन्नार की खाड़ी में मछुआरों को मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter