14 मई को दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करेगा चक्रवाती तूफान मोका

तूफान के असर को देखते हुए 13 और 14 मई को पूर्वोत्तर भारत के त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है

By Dayanidhi

On: Saturday 13 May 2023
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी में बने भयंकर चक्रवाती तूफान "मोका" पिछले छह घंटों के दौरान आठ किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग उत्तर पूर्व की ओर बढ़ गया है।

यह आज, 13 मई 2023 को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे यहीं बना रहा। यह पोर्ट ब्लेयर से लगभग 570 किमी उत्तर, उत्तर पश्चिम में, बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से 730 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में और म्यांमार के सितवे से 660 किमी दक्षिण, पश्चिम में है।

इसके उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ने और 14 मई, 2023 की दोपहर के आसपास म्यांमार के सितवे के करीब, बांग्लादेश के कॉक्स बाजार और म्यांमार के क्युकप्यू के बीच दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने की बहुत अधिक आसार हैं।

मौसम विभाग ने बतया कि इस बीच 150 से 160 किमी प्रति घंटे की गति से लगातार चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 175 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी
मध्य और इससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने खतनाक चक्रवाती तूफान "मोका" के चलते मौसम विभाग ने आज यानी 13 और कल 14 मई को त्रिपुरा और मिजोरम के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है
वहीं मौसम विभाग ने बताया कि, तूफान के असर से 14 मई को नागालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

भयानक तूफानी हवाओं के चलने के आसार
बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य में 180 से 190 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 210 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने के आसार हैं ।  

वहीं बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी के ऊपर सुबह से 70 से 80 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं किए और तेज होकर 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने तथा धीरे-धीरे बढ़कर इनके शाम से 180 से 190 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 210 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य में शाम तक 180 से 190 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 210 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज, उत्तरी अंडमान सागर, दक्षिण-पश्चिम और बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई है।

आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति के साथ चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है।

मौसम विभाग ने मछुआरों, जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को चेतवनी जारी करते हुए कहा है कि, 14 मई तक मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में और 13 और 14 मई के दौरान पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी में न जाएं।

वहीं मौसम विभाग ने बंगाल की मध्य खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में गए लोगों को तुरंत तट पर लौटने की भी सलाह दी है।

Subscribe to our daily hindi newsletter