चक्रवात 'जवाद' के चलते इन इलाकों में हैं तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार

आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 3 दिसंबर से 5 दिसंबर के दौरान दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी समेत इन इलाकों में न जाएं

By Dayanidhi

On: Friday 03 December 2021
 

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी पर बना दबाव पिछले 06 घंटों के दौरान 32 किमी प्रति घंटे की दर से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। यह एक गहरे डिप्रेशन में बदल गया और आज, 03 दिसंबर को 05: 30 बजे के दौरान यह पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के पास केंद्रित था। यह विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 580 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 670 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व और पारादीप (ओडिशा) से 760 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में बना हुआ है।

अगले 12 घंटों के दौरान इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और एक चक्रवाती तूफान में बदलकर और तेज होने के आसार हैं। इसके कल, 04 दिसंबर की सुबह तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तटों से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद इसके उत्तर, उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा तटों के साथ अगले 24 घंटों के दौरान 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 100 किमी प्रति घंटे की अधिकतम की गति के साथ आगे बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते मौसम विभाग ने बताया है कि आज यानी 03 दिसंबर को उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।

Source : IMD

4 दिसंबर को दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है। इन इलाकों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, और ओडिशा के आंतरिक जिले और पश्चिम बंगाल मैं गंगा के तटीय इलाकों पर भी भरी बारिश होने के आसार हैं।

5 दिसंबर को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। साथ ही इन इलाकों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने और असम, मेघालय और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका है।

मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे 3 दिसंबर से 5 दिसंबर के दौरान दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में और उत्तर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटों पर न जाएं। आईएमडी ने मछुआरों को चेतावनी देते हुए कहा है कि तात्कालिक प्रभाव से समुद्र से बाहर तट पर लौटने की सलाह दी जाती है।

आज 3 दिसंबर की सुबह से मध्य बंगाल की खाड़ी में 65 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज मध्यरात्रि से उत्तरी आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से से चलने वाली तेज हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं। मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र में  तेज लहरे चलने का अनुमान है, वहीं मध्यरात्रि से उत्तरी आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा तट के साथ-साथ भारी लहरे चलने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter