आधी रात को खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदलेगा मोका: मौसम विभाग

आज बंगाल की दक्षिण पूर्व खाड़ी में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Thursday 11 May 2023
 
फोटो साभार :आई-स्टॉक

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, गहरा अवसाद या डीप डिप्रेशन, एक चक्रवाती तूफान ‘मोका’ में बदलकर तेज हो गया है। आज 11 मई को भारतीय समय के अनुसार यह 05:30 बजे पोर्ट ब्लेयर से लगभग 510 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में, बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से 1210 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज की मध्य रात्रि तक एक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में और तीव्र होने का अनुमान लगाया है।

इसके बाद, 12 मई की सुबह से उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर धीरे-धीरे मुड़ने के आसार हैं। इसके 13 मई की शाम से थोड़ा कमजोर पड़ने की संभावना है और 14 मई, 2023 की पूर्वाह्न के आसपास बांग्लादेश के कॉक्स बाजार और म्यांमार के क्यौकप्यू के बीच दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया इस बीच हवाओं की रफ्तार लगातार 110 से 120 किमी प्रति घंटे से लेकर 130 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।

वहीं निचले और मध्य स्तरों में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व पर गहरे दबाव से जुड़े चक्रवाती प्रसार से दक्षिण आंध्र प्रदेश तट तक हवाओं की एक ट्रफ के चलने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज यानी 11 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई हैं

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज बंगाल की दक्षिण पूर्व खाड़ी में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। वहीं अंडमान सागर में चलने वाली तूफानी हवाओं के 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होने 75 किमी प्रति घंटे की दर तक चलने के आसार हैं। वहीं बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने आज बंगाल की खाड़ी के पूर्व मध्य में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने की आशंका जताई है।

उपरोक्त तूफानी मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter