कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान गुलाब, फिर भी इन इलाकों पर दिखेगा असर

मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे अगले 12 घंटों के दौरान पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के साथ-साथ ओडिशा के आसपास के तटों पर न जाएं।

By Dayanidhi

On: Monday 27 September 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

चक्रवाती तूफान 'गुलाब' जिसे गुल-आब भी कहा जाता है आज 27 सितंबर को 02:30 बजे के दौरान यह उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर एक गहरे दबाव के चलते कमजोर पड़ गया है। पिछले 06 घंटों के दौरान 06 किमी प्रति घंटे की गति के साथ यह पश्चिम की ओर बढ़ गया है।

आज 27 सितंबर 05:30 बजे के दौरान से यह दक्षिण ओडिशा और इससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के पास केंद्रित है। यह पूर्व, जगदलपुर (छ.ग.) से लगभग 110 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व और कलिंगपटनम (आंध्र प्रदेश) से 140 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में है। अगले 12 घंटों के दौरान लगभग इसके पश्चिम की ओर बढ़ने और अधिक कमजोर पड़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया है कि गुलाब चक्रवात का असर अब मुंबई में दिखने के आसार हैं, 27 और 28 सितंबर को मुंबई के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है, इसी दौरान मुंबई में तेज हवा के साथ बौछारें पड़ने के भी आसार हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान संबंधी मौसमी गतिविधि के चलते आज 27 सितंबर को उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा में कोरापुट, रायगड़ा और गजपति जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। आज तेलंगाना और विदर्भ, रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।

28 सितंबर को गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में, सौराष्ट्र और कच्छ और मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों में जमकर बरसेंगे बादल।

चक्रवाती तूफान के चलते मछुआरों को समुद्र और इनके तटों से दूर रहने की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर आंध्र प्रदेश-ओडिशा-पश्चिम बंगाल में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे अगले 12 घंटों के दौरान पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के साथ-साथ ओडिशा के आसपास के तट पर न जाएं।

मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर की रात को चक्रवाती तूफान गुलाब समुद्र तट से टकराया। तूफान के टकराने के बाद समुद्र में भयंकर तूफानी लहरें उठीं और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश भी दर्ज की गई। वहीं आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान के दस्तक देते ही श्रीकाकुलम में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। 

Subscribe to our daily hindi newsletter