प्लास्टिक मुक्त पिकनिक चैलेंज अभियान से स्वच्छता की पहल

यह अभियान 28 दिनों तक चलेगा और इस दौरान एकल प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए युवाओं के बीच कई तौर-तरीके अपनाए जाएंगे

By DTE Staff

On: Monday 05 December 2022
 

विश्व मृदा दिवस के अवसर पर ओडिशा के युवाओं के लिए “यूथ-4 वाटर इंडिया” द्वारा “प्लास्टिक मुक्त पिकनिक चैलेंज” अभियान शुरू किया गया है। अभियान ने युवाओं से अपील है कि वे जंगलों-नदियों-तालाबों में जहां भी पिकनिक के लिए जाएं लेकिन एकल प्लास्टिक के उपयोग से बचें। साथ ही जिन स्थानों पर उन्होंने कचरा आदि फैलाया है, उस स्थान को पूरी तरह से साफ-सुथरा करके ही वहां से निकलें।

इस अवसर पर वाटरएड इंडिया के राज्य कार्यक्रम निदेशक अनुराग गुप्ता ने कहा कि हम अपने प्राकृतिक स्थलों के संरक्षण का संदेश राज्य के युवा शक्तियों के बीच हर हाल में पहुंचाना चाहते हैं। वहीं सात्विक सोल फाउंडेशन के संस्थापक सत्यव्रत सामल ने कहा कि फाउंडेशन से जुड़े युवा राज्य के विभिन्न पिकनिक स्थलों पर जाकर अभियान का संदेश पहुंचाएंगे। साथ ही पिकनिक मनाने वालों के साथ प्लास्टिक कचरे को साफ करने में उनकी मदद भी करेंगे।

ओडिशा पर्यावरण संरक्षण अभियान के संस्थापक सौम्य रंजन बिस्वाल के अनुसार बहुत से लोग पिकनिक के लिए समुद्री तटों के ईकोलॉजिकल स्पाॅट पर जाते हैं लेकिन इन स्थानों को साफ रखने के लिए युवाओं के बीच जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम इस अभियान के माध्यम से उनके बीच जागरूकता बढ़ाने में पीछे नहीं रहेंगे।

इस अभियान के एक अन्य भागीदार रेडिया बुलबुल के एसके मोहम्मद नियाज ने कहा कि इस अभियान के दौरान हम अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचने के लिए वीडियो और रेडियो संदेश तैयार कर रहे हैं ताकि हम उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के नुकसान को बता सकें।

अभियान के एक अन्य भागीदार संगठन सीबा ग्रीन सॉल्यूशंस की नीलिमा मिश्रा ने कचरे को रिसाइकिल करने के लिए बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया। अभियान की एक अन्य सहयोगी एजेंसी एजुको के प्रतिनिधि सुकांत बेहरा ने कहा कि राज्य के प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण विषय पर लगातार शिक्षित किए जाने की जरूरत है ताकि ऐसी समस्यों को उसके शुरू होने के पहले ही उस पर नियंत्रण किया जा सके। फाउंडेशन फॉर ईकोलॉजिकल सिक्योरिटी की स्वप्नश्री सगंगी ने कहा कि राज्य के युवा नदियों और जंगलों जैसे संसाधनों के संरक्षण की जिम्म्दारी बखूबी उठा सकते हैं।

इस अवसर पर अभियान के सह-संस्थापक और राज्य के जल पुरुष रंजन पांडा ने कहा कि यह अभियान 28 दिनों तक चलेगा और इस दौरान एकल प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए युवाओं के बीच हम कई तौर-तरीके अपनाएंगे। पांडा ने बताया कि यूथ-4 वाटर इंडिया अभियान मार्च, 2019 में शुरू किया गया था और अब यह हजारों युवाओं तक जा पहुंचा है। 

Subscribe to our daily hindi newsletter