इन हिस्सों में छाए रहेंगे बादल, इन राज्यों में धुंध व शीतलहर तथा दक्षिण में बारिश का दौर जारी

अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Tuesday 29 November 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में लगातार ठंड बढ़ रही है, जिससे तमाम राज्यों में शीतलहर का सितम दिखाई दे रहा है। हर दिन रात के समय में पारा लुढ़क रहा है तो वहीं, दिन का तापमान भी सामान्य से काफी कम दर्ज किया जा रहा है।

वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश सहित उत्तर पूर्वी राज्यों में सुबह के समय धुंध देखने को मिल रही है। हिमालयी राज्य हिमाचल एवं कश्मीर के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में उत्तर भारत के तापमान में और अधिक गिरावट हो सकती है। वहीं विदर्भ के अधिकांश इलाकों, पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा।

वहीं मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी कम दर्ज किया गया। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल और माहे के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों के निचले स्तरों में एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। पूर्वी हवाओं के चलने कारण अगले चार से पांच दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 29 नवंबर को केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने के आसार जताए हैं

Source : IMD

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में हिसार (हरियाणा) में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में भुज-रुद्रमाता (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल 28 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल 28 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु: अतिरमपट्टिनम में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी और कहां गिरी बिजली?
कल 28 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बौछारों के साथ आंधी चली तथा बिजली गिरी। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
कल सुबह के समय अमृतसर में दृश्यता -200 मीटर तथा सफदरजंग (दिल्ली), लखनऊ और वाराणसी प्रत्येक जगह दृश्यता -500 मीटर दर्ज की गई ।

कहां छाया कोहरा?
कल सुबह के समय पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा तथा दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter