मौसम विभाग ने जारी किया मई माह का आउटलुक, इन हिस्सों में झेलना होगा लू का प्रकोप

पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्व मध्य भारत के कई हिस्सों और भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Monday 01 May 2023
 

मौसम विभाग ने मई 2023 के लिए तापमान और बारिश का मासिक आउटलुक जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक मई 2023 के महीने में देश के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान की बात करें तो, पूर्व-मध्य और पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर और भारतीय प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है।

हालांकि, उत्तर पश्चिम और पश्चिम मध्य भारत में अधिकतम तापमान के सामान्य से नीचे या सामान्य रहने का अनुमान लगाया गया है।

उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान के सामान्य या सामान्य से कम रहने की संभावना है, वहीं कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान के सामान्य से ऊपर रहने के आसार हैं।

मई महीने के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तटीय गुजरात के अधिकांश हिस्सों में तापमान के सामान्य से अधिक रहने की आशंका जताई गई है। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि इन इलाकों में लोगों को गर्म हवाओं का प्रकोप झेलना पड़ेगा।

मई 2023 में कहां चलेगी लू या हीटवेव?
मई माह में देश में लू या हीटवेव के दिनों की संख्या बढ़ सकती है। जहां बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तटीय गुजरात के कुछ हिस्से में सामान्य से अधिक दिनों तक लू चलने की आशंका जताई गई है

मई 2023 में कहां होगी सामान्य से अधिक या कम बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, मई माह में देश भर में बारिश का औसत सामान्य (एलपीए का 91-109 फीसदी) रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत, पश्चिम-मध्य भारत के कई हिस्सों और भारतीय प्रायद्वीप के उत्तरी भाग में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्व मध्य भारत के कई हिस्सों और भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई है।

Source : IMD

प्रशांत और हिंद महासागर के ऊपर समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी)
वर्तमान में, तटस्थ एल नीनो-दक्षिणी दोलन की स्थितियां भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में मौजूद हैं। मौसम विभाग का नवीनतम पूर्वानुमान बताता है कि इन तटस्थ स्थितियों के मई 2023 में जारी रहने का पूर्वानुमान है।

प्रशांत महासागर के ऊपर एल नीनो-दक्षिणी दोलन (ईएनएसओ) स्थितियों के अलावा, हिंद महासागर एसएसटी जैसे अन्य कारण भी भारत में जलवायु को प्रभावित करते हैं। वर्तमान में, हिंद महासागर के ऊपर तटस्थ हिंद महासागर डिपोल स्थितियां बनी हुई हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि, नवीनतम जलवायु मॉडल से पता चलता है कि आगामी मौसम के दौरान आईओडी स्थितियां अच्छी तरह विकसित हो सकती हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter