पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तथा इनसे सटे मैदानी इलाकों में बारिश, यहां बढ़ेगी तपिश

उत्तर पश्चिम भारत में अगले चार से पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Thursday 02 March 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स, तहसीन अनवर अली

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों पर पछुआ हवाओं में एक टर्फ के रूप में लगातार बना हुआ है। इसके कारण दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उससे सटे पश्चिमी मध्य प्रदेश पर चक्रवाती प्रसार जारी है। मौसम में इस तरह के बदलाव के चलते, आज पश्चिमी भागों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

वहीं मौसम विभाग ने कहा कि आज यानी दो मार्च, 2023 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है।

आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

वहीं अगले दो दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

कैसा रहेगा तापमान, कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव?
उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में बदलाव देखें तो अगले चार से पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है।

वहीं पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान की बात करें तो यहां भी अगले चार से पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।

मध्य भारत के अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है और इसके बाद अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

वहीं पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में बदलाव देखें तो अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की बात कही गई है और इसके बाद कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Source : IMD

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, एक मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों, जम्मू और कश्मीर तथा उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कहां चली आंधी?
कल, एक मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, ब्रह्मपुरी (विदर्भ) में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में गया (बिहार) में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter