अधिकतर राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा, यहां बर्फबारी तथा दक्षिण में होगी बारिश

अगले दो दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Thursday 01 December 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार आज यानी एक दिसंबर को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। वहीं अगले कुछ दिनों में पहाड़ों में बर्फबारी होने का भी अनुमान है।  दिसंबर की शुरुआत से उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में तापमान गिरने का अनुमान लगाया गया है। देश की राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित तमाम राज्यों में ठंड बढ़ने की आशंका जताई गई है।

इन हिस्सों में तेजी से तापमान गिर रहा है, वहीं कल पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मध्य भारत में तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पारा काफी नीचे लुढ़कता नजर आ रहा है, जहां कल न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। विदर्भ, आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि काफी कम है।

वहीं पूर्वी हवाओं के चलने के कारण, दक्षिण भारतीय राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम के शुष्क बने रहें का अनुमान है।

कहां छाएगा कोहरा
अगले दो से तीन दिनों के दौरान ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं।

कहां होगा तापमान में बदलाव
अगले दो दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान देश के उत्तरी भागों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में मुंबई (सांताक्रुज) में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter