मानसून की वापिसी शुरू, लेकिन गोवा, महाराष्ट्र सहित इन हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल

अगले 2 से 3 दिनों के दौरान गुजरात, राजस्थान और पंजाब सहित इन राज्यों से होगी दक्षिण, पश्चिम मानसून की वापसी

By Dayanidhi

On: Thursday 07 October 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों के दौरान गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण, पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

एक चक्रवाती प्रसार तमिलनाडु के तट और इससे सटे इलाकों में बना हुआ है और यह समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है साथ ही पूर्वी हवाओं में एक ट्रफ इस चक्रवाती प्रसार से तमिलनाडु के मध्य भागों, उत्तरी केरल, तटीय कर्नाटक के निचले स्तरों और तमिलनाडु तट से उत्तरी कोंकण तक जाती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते आज यानी 07 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी कराईकल, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।  

07 और 08 अक्टूबर के दौरान आंतरिक कर्नाटक में जमकर बरसेंगे बादल। वहीं 07 से 10 अक्टूबर के दौरान केरल और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा होने के आसार हैं।   

10 अक्टूबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। 4 से 5 दिनों के दौरान इसके पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर दक्षिण ओडिशा और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने का अनुमान है।  

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली, कहां चलेगी तेज हवाएं
आज मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, लक्षद्वीप, केरल और माहे के अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने, तेज हवाएं चलने तथा बिजली गिरने के आसार हैं।

Source : IMD

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 06 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों में, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कई स्थानों पर, मराठवाड़ा के कुछ स्थानों पर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल असम और मेघालय, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों पर, कराईकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बादल बरसे तथा गरज के साथ छीटे पड़े।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल, 06 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान चित्रदुर्ग में 5 सेमी, कारवार और शिमोगा प्रत्येक जगह 4 सेमी, बालासोर, औरंगाबाद, धारवाड़, पेरियाकुलम और हल्दिया प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 06 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और रायलसीमा में तेज हवा के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान
कल, बाड़मेर (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कल कहां दर्ज किया गया सबसे कम तापमान
कल, देश के मैदानी इलाकों में मंडला (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Subscribe to our daily hindi newsletter