चेन्नई सहित तमिलनाडु के इन इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

आईएमडी ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि वे दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु के तटों समेत इन इलाकों में मछली पकड़ने के लिए न जाएं।

By Dayanidhi

On: Thursday 11 November 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक पिछले 06 घंटों से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव 21 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा रहा है। यह बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के ऊपर बना हुआ है जो  चेन्नई से लगभग 170 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और पुडुचेरी से 170 किमी पूर्व में है। इसके तेजी  से पश्चिम की ओर बढ़ने के आसार हैं। यह आज यानी 11 नवंबर की शाम तक उत्तर तमिलनाडु और चेन्नई के आसपास तथा दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों को पार करेगा।

मौसम विभाग ने कहा कि उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते आज 11 नवंबर को उत्तर तटीय तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। वहीं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे  के अलग-अलग भागों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं।

कल कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल विदर्भ के कई हिस्सों पर, मराठवाड़ा के कुछ स्थानों पर, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।   

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल, देश के मैदानी इलाकों में सीकर (पूर्वी राजस्थान) और रायसेन और मंडला (मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कल कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल रायलसीमा के कई स्थानों पर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा। वहीं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल, भुज (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।  

आज कहां गिरेगी बिजली, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर भी उपरोक्त गतिविधि के जारी रहने का अनुमान है। आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

Source : IMD

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 10 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई स्थानों पर, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल, 10 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान लॉन्ग आइलैंड और माया बंदर प्रत्येक जगह 4 सेमी, चेन्नई में 2 सेमी, तिरुपति में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter