मार्च से मई तक कहां पड़ेगी गर्मी, कहां होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अनुमान

आगामी गर्मी के मौसम के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों समेत इन इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा 

By Dayanidhi

On: Thursday 03 March 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मार्च से मई 2022 तक मौसम संबंधी पूर्वानुमान का आउटलुक तैयार किया है। इसमें आगामी महीनों में देश भर में तापमान का पूर्वानुमान भी प्रस्तुत किया गया है।

कैसा रहेगा मार्च से मई 2022 का तापमान
मार्च से मई महीनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। आने वाले गर्मी के मौसम के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों, मध्य भारत के कुछ हिस्सों, पूर्वी तटीय इलाकों के साथ-साथ हिमालय की तलहटी में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं उत्तरी आंतरिक प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों और पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान के सामान्य से काफी कम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण प्रायद्वीप के अधिकांश हिस्सों और पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत और उत्तरी मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान के सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। पश्चिम और मध्य भारत के आसपास के क्षेत्रों, उत्तर पश्चिम भारत और पूर्वोत्तर भारत के उत्तरी भागों के कई इलाकों में अधिकतम तापमान के सामान्य से बहुत अधिक होने के आसार हैं।  

कैसा रहेगा मार्च 2022 का तापमान
मार्च 2022 के दौरान, पूर्वी, दक्षिण पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों को छोड़कर भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। वहीं दक्षिण प्रायद्वीप और पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान के सामान्य से कम रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य भारत के कई हिस्सों में अधिक तापमान के सामान्य से बहुत अधिक रहने का अनुमान है।

मार्च 2022 में देश भर में कहां और कितनी होगी बारिश
मार्च 2022 में देश भर में औसत बारिश एलपीए का 83 से 117 फीसदी तक सामान्य होने की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश इलाकों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश सामान्य से कम होगी। दक्षिण प्रायद्वीप के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

Source : IMD

केसा रहेगा समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी)
वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में ला नीना की स्थिति बनी हुई है। ला नीना के उत्तरी गोलार्ध में वसंत ऋतु के दौरान कमजोर होने और 2022 की दूसरी तिमाही के दौरान ठंडे ईएनएसओ तटस्थ स्थितियों तक पहुंचने की संभावना है।

वर्तमान में हिंद महासागर में तटस्थ आईओडी स्थितियां मौजूद हैं और नवीनतम एमएमसीएफएस पूर्वानुमान से पता चलता है कि उत्तरी गोलार्ध वसंत और गर्मियों के मौसम के दौरान तटस्थ आईओडी की स्थिति के जारी रहने की संभावना है।

चूंकि प्रशांत और हिंद महासागरों में समुद्र की सतह के तापमान (एसएसटी) की स्थिति में होने वाला बदलाव भारतीय जलवायु को प्रभावित करने के लिए जाना जाता है। आईएमडी ने बताया कि वह महासागर घाटियों पर समुद्री सतह की स्थिति के विकास की सावधानीपूर्वक निगरानी कर रहा है।

वहीं मौसम विभाग ने बताया कि वह हर हफ्ते देश भर में बारिश और अधिकतम और न्यूनतम तापमान के पूर्वानुमान प्रदान करता है। यह वर्तमान में आईएमडी में परिचालित मल्टी-मॉडल एन्सेम्बल डायनामिकल एक्सटेंडेड रेंज फोरकास्टिंग सिस्टम पर आधारित है।

Subscribe to our daily hindi newsletter