मॉनसून में देरी, बिहार-झारखंड में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू से राहत नहीं, यहां बरसेंगे बादल

अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में और आज उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बिजली गिरने, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है

By Dayanidhi

On: Monday 05 June 2023
 

देश के अधिकतर इलाकों में गर्मी चरम पर है साथ ही उमस ने और परेशानी बढ़ा दी है। वहीं मध्य, पूर्व और भारतीय उत्तर प्रायद्वीप के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। तटीय आंध्र प्रदेश और सौराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में पारा लगातार छलांग लगा रहा है। मॉनसून तय समय में केरल नहीं पहुंच पाया है। अभी इसमें देरी की आशंका जताई जा रही है।

वहीं कल, पूर्वी बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में लोगों को लू या हीटवेव के प्रकोप का सामना करना पड़ा।

तापमान में कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव?
अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में अधिकतम तापमान के सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की आशंका जताई है।

कहां-कहां चलेगी लू या हीटवेव?
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कुछ इलाकों में नौ जून तक भीषण लू के जारी रहने की आशंका जताई गई है

वहीं पांच से नौ जून के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा पूर्वोत्तर झारखंड के अलग-अलग इलाकों में लू के सितम के जारी रहने के आसार हैं, वहीं आज तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के में लू का प्रकोप रहेगा।

पांच और छह जून के दौरान तेलंगाना, छह से नौ जून के दौरान विदर्भ और सात से नौ जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में चलेगी लू।

पश्चिमी विक्षोभ का क्या होगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों में पछुआ हवाओं के गर्त में बना हुआ है, वहीं एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के रूप में ईरान और इसके पड़ोस में सक्रिय है।

एक चक्रवाती प्रसार उत्तर पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों में जारी है।

वहीं आज यानी पांच जून के आसपास दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान उसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी इसी तरह की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में और आज उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बिजली गिरने, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।

कहां होगी भारी बारिश?
वहीं आज यानी पांच जून को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आज, दक्षिण-पूर्व और आसपास के दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, लक्षद्वीप-मालदीव क्षेत्र, उत्तर अंडमान सागर, दक्षिण और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका है।

वहीं आज, पूर्वोत्तर अरब सागर, उत्तर गुजरात तट के साथ-साथ, मन्नार की खाड़ी और निकटवर्ती कोमोरिन क्षेत्र में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए, मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां हुई ओलावृष्टि
कल, चार जून को 8:30 से 5:30 के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि हुई

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, संबलपुर (ओडिशा) में अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, चार जून को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों, विदर्भ के कुछ हिस्सों, असम और मेघालय, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई तीन सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, चार जून को 8:30 से 5:30 के दौरान लॉन्ग आइलैंड, कार निकोबार और नजीबाबाद प्रत्येक जगह 3 सेमी, पोर्ट ब्लेयर, वल्लभ विद्यानगर और सांगली हर जगह 2 सेमी, हमीरपुर, उमरिया, पेंड्रा रोड, अमवाती, माथेर्न, महाबलेश्वर, पुणे, उदगीर, कलिंगपट्टनम और बड़ौदा प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, चार जून को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा उत्तरी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली। मौसम संबंधी इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter