मॉनसून अपडेट: कर्नाटक, केरल समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधि कम रहेगी

By Dayanidhi

On: Wednesday 07 September 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के करीब बनी हुई है।

वहीं एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और इससे सटे इलाकों पर बना हुआ है जो कि मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

उत्तर दक्षिण ट्रफ छत्तीसगढ़ के निचले स्तरों से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पर एक चक्रवाती प्रसार के रूप में जारी है।

अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने का अनुमान है। इसके प्रभाव में अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज 07 सितंबर को तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में भयंकर बारिश होने के आसार जताए हैं

वहीं आज तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है।

आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल।

अगले 5 दिनों के दौरान तेलंगाना, कर्नाटक और केरल और माहे में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। 08 और 09 सितंबर को तटीय कर्नाटक में भी वज्रपात के साथ बहुत भारी वर्षा के आसार हैं।

07 से 09 सितंबर के दौरान उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और तेलंगाना  तथा 08 सितंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा केरल और माहे में मूसलाधार बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं 09 और 10 सितंबर को उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में हल्की से भारी बारिश होने तथा वज्रपात के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधि कम रहेगी।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में  40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

वहीं आज असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे  तथा लक्षद्वीप में वज्रपात होने तथा  40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज केरल, कर्नाटक के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, दक्षिण अंडमान सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज उत्तरी अंडमान सागर और पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

आज दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर, सोमालिया तट, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण तमिलनाडु तट, दक्षिण श्रीलंका तट से दूर, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक चलने के आसार हैं।  

वहीं आज उत्तरी अंडमान सागर और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने का अनुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter