मॉनसून अपडेट: ओडिशा, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश समेत इन राज्यों में भारी बारिश के आसार

पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों सहित इन हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 28 September 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ और हिस्सों और इससे सटे मध्य भारत के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की हो सकती है विदाई।

उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के निचले और मध्य स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने आज यानी 28 सितंबर को ओडिशा, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है

वहीं 28 से 30 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की से भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने के आसार हैं।

28 और 29 सितंबर को ओडिशा के अधिकतर हिस्सों में वज्रपात तथा गरज के साथ हल्की से भारी वर्षा होने की आशंका है।

वहीं 29 और 30 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश होने तथा बिजली गिरने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां होगा वज्रपात
आज पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

वहीं आज मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने के आसार हैं

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज कोमोरिन क्षेत्र के पूर्वी हिस्सों और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज दक्षिण-पश्चिम सोमालिया तट, मन्नार की खाड़ी और उससे सटे कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण तमिलनाडु तट, दक्षिण श्रीलंका तट उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने का सुझाव दिया है।

Source : IMD

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल, देश के मैदानी इलाकों में मदुरै (तमिलनाडु) में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल, देश के मैदानी इलाकों में पेंड्रा रोड (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 27 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़ तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल इसी दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश
कल 27 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान कोलाबा (मुंबई) में 2 सेमी, ईटानगर, चेरापूंजी, धुबरी, बांकुरा, गोरखपुर, औरंगाबाद, चंद्रपुर और माया बंदर प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी
कल 27 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter