मानसून अपडेट: आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम राजस्थान लू की चपेट में

आज हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Wednesday 30 June 2021
 
Photo : Wikimedia Commons

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मौजूदा मौसम संबंधी परिस्थितियां और मॉडल द्वारा लगाए गए पूर्वानुमानों से पता चलता है कि कुछ क्षेत्रों में हवा का पैटर्न बारिश के लिए प्रतिकूल है। जिसके प्रभाव में अगले 5 दिनों तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के राजस्थान के शेष हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में आगे बढ़ने की परिस्थितियां भी प्रतिकूल हैं।

अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत और भारतीय प्रायद्वीप के पश्चिमी हिस्सों में बारिश कम होगी। मानसून की धीमी गति के चलते इस अवधि के दौरान इन इलाकों में बिजली गिरने तथा कुछ जगहों पर आंधी के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

नमी से भरे दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के चलते अगले 5 दिनों के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी वर्षा की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

30 जून से 2 जुलाई के दौरान असम और मेघालय, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।

Source : IMD

नम पूर्वी हवाओं के और तेज होने का अनुमान है, जिससे 1 से 3 जुलाई के दौरान उत्तरी बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हिमालयी तलहटी में बारिश में वृद्धि होने के आसार हैं, जिससे इन क्षेत्रों से निकलने वाली या बहने वाली नदियों में प्रवाह बढ़ जाएगा। 1 से 3 जुलाई के दौरान उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की हिमालयी तलहटी में अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।

30 जून और 01 जुलाई को हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलने की आशंका है।

अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में आंधी के साथ-साथ लगातार बिजली गिरने की आशंका है। इसके चलते बाहर रहने वाले लोगों और जानवरों को इससे चोट लगने तथा उनके हताहत होने की आशंका व्यक्त की गई है।

देश में कैसा रहेगा आज के मौसम का मिजाज

आज किन जगहों में होगी भारी बारिश
30 जून, आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। बिहार, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में पहली बार लू चलने की आशंका व्यक्त की है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 तथा न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता लगभग 39 फीसदी रहने का अनुमान है।

Source : IMD

आज कहां चलेगी आंधी, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली
आज मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने, गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

आज कहां चलेगी हीट वेव
आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में लू (हीट वेव) चलने की आशंका है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर, उत्तरी अरब सागर और गुजरात तट पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी बौछारें
बीते दिन यानी 29 जून को, 8:30 से 5:30 बजे के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अधिकांश स्थानों पर, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, बिहार और लक्षद्वीप में कई जगहों पर, अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर और  पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल 29 जून को 8:30 बजे से 5:30 बजे के दौरान चेरापूंजी में 6 सेमी, बगडोगरा में 5 सेमी, शिलांग और भीलवाड़ा प्रत्येक जगह 3 सेमी, पासीघाट, जलपाईगुड़ी और माथेरान प्रत्येक जगह 2 सेमी, कैलाशहर, अगरतला, मजबत, धुबरी, बालुरघाट और कुन्नूर हर जगह 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

कल कहां पड़ी तेज हवा के साथ बौछारें और कहां हुई ओलावृष्टि
बीते कल यानी 29 जून को 8:30 बजे के दौरान असम और मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई तथा तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ी, इन जगहों पर, आज 5:30 बजे के दौरान मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार बन रहे हैं।

कहां रिकॉर्ड किया गया सबसे अधिक तापमान
कल गंगानगर (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कहां रिकॉर्ड किया गया सबसे कम तापमान
कल, देश के मैदानी इलाकों में बुलसर (गुजरात) में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Subscribe to our daily hindi newsletter