मॉनसून अपडेट: इन राज्यों में गरज के साथ बौछारें, असम-मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी

अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत इन राज्यों में आगे बढ़ने की संभावना है

By Dayanidhi

On: Monday 20 June 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक आज 20 जून को असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं

वहीं आज अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान में भी जमकर बादल बरसेंगे।

आज पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।

अगले 5 दिनों के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं।

पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं  के साथ भारी बारिश के जारी रहने के आसार हैं। अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अनुगमन है।

आज यानी 20 जून को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है, 20 और 21 जून के दौरान पूर्वी राजस्थान और पंजाब, 21 जून को जम्मू और कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से जमकर बरसेंगे बादल।

आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

वहीं आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, लक्षद्वीप, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

कहां पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और इलाकों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के शेष हिस्सों, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गोवा, दक्षिण महाराष्ट्र, लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं उत्तर पूर्व अरब सागर, दक्षिण पश्चिम अरब सागर और इससे सटे पश्चिम मध्य अरब सागर में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।  

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की सलाह दी है।

Source : IMD

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल डेहरी (बिहार) में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल देश के मैदानी इलाकों में सिवनी (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 19 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कोंकण और गोवा के अधिकांश हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, तटीय कर्नाटक तथा तेलंगाना के अधिकांश हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, मध्य प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, उत्तर प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, केरल और माहे में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी बारिश दर्ज की गई  
कल 19 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान सीकर, माथेरान प्रत्येक जगह 5 सेमी, संबलपुर, भावनगर, बॉम्बे, कोलाबा प्रत्येक जगह 4 सेमी, झांसी, सबौर, हीराकुंड, अमरेली प्रत्येक जगह 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी
कल 19 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, राजस्थान, कोंकण और गोवा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, ओडिशा, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, के अलग-अलग हिस्सों, मध्य प्रदेश, गुजरात पश्चिम बंगाल और सिक्किम, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा बिहार में बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter