इन हिस्सों से मॉनसून की हो सकती है वापसी लेकिन यहां बरसेंगे बादल

02 अक्टूबर को असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में वज्रपात तथा गरज के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।

By Dayanidhi

On: Thursday 29 September 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कुछ और हिस्सों और इसके निकटवर्ती मध्य भारत के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

आंध्र प्रदेश के तट तथा पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के निचले स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है।

वहीं एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तरी अंडमान सागर से मध्य बंगाल की खाड़ी तथा आंध्र प्रदेश तट तक समुद्र तल से औसतन 3.1 किमी ऊपर तक फैली हुई है।

1 अक्टूबर के आसपास एक चक्रवाती प्रसार के उत्तर-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बनने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आज यानी 29 सितंबर को ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान लगाया है

01 से 03 अक्टूबर के दौरान और 02 और 03 अक्टूबर को झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
वहीं 02 अक्टूबर को असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में वज्रपात होने तथा गरज के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की गति के साथ चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

वहीं इसी दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की गति के साथ चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है

Source : IMD

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने की आशंका है।

वहीं आज दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, सोमालिया तट के साथ-साथ मन्नार की खाड़ी, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण तमिलनाडु और श्रीलंका के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter