इन राज्यों में गर्मी का प्रकोप, यहां भारी बारिश, जानिए कहां तक पहुंचा मॉनसून

अगले 5 दिनों के दौरान असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।

By Dayanidhi

On: Monday 06 June 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 06 जून को असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।  

वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है

आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।  

वहीं विदर्भ, छत्तीसगढ़ और बिहार के अलग-अलग हिस्सों, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तेलंगाना, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल,

केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है।

अगले 5 दिनों के दौरान असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तथा 07 से 09 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।

अगले 5 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।

कहां पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम) अक्षांश से गुजर रही है। यह 15 डिग्री उत्तर से होकर कारवार, चिकमगलुरु, बेंगलुरु, धर्मपुरी से 80 डिग्री पूर्व में है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा राज्यों में इसकी दस्तक है। अगले 48 घंटों के भीतर पूरे पूर्वोत्तर भारत को कवर करने के लिए स्थितियां बेहतर हो गई हैं। पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो चुकी है।

कहां चलेगी हीट वेव या लू
दक्षिण पंजाब, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने के आसार हैं

06 और 07 जून को दक्षिण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और आंतरिक ओडिशा में भी लू चलने की आशंका जताई गई है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की सलाह दी है।

Source : IMD

कहां महसूस हुई हीट वेव या लू
कल मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण लू महसूस की गई,  वहीं विदर्भ के कुछ हिस्सों और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू महसूस की गई।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल मुंगेशपुर (दिल्ली एनसीआर) में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल देश के मैदानी इलाकों में धार (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 05 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश
कल असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां कितनी बारिश दर्ज की गई  
कल 05 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान चेरापूंजी में 7 सेमी, के. परमथी में 5 सेमी, उत्तर लखीमपुर, धुबरी और पोर्ट ब्लेयर प्रत्येक जगह 3 सेमी, पासीघाट और डिब्रूगढ़ प्रत्येक जगह 2 सेमी, गोलपारा, जोरहाट, अगरतला, कैलाशहर, गंगटोक, माया बंदर, लॉन्ग आइलैंड और शिलांग प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई ।

कल कहां चली आंधी
कल 05 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और पूर्वी मध्य प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter