बढ़ाई जा सकती है लॉकडाउन की अवधि, केंद्र ने कहा, नहीं लिया है अभी निर्णय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक 1 लाख 7 हज़ार लोगों का टेस्ट किया गया है

By Vivek Mishra
Published: Tuesday 07 April 2020

देश में 14 अप्रैल, 2020 तक 21 दिनों के लॉकडाउन की तय मियाद को बढ़ाया जा सकता है। कई राज्यों और विशेषज्ञों ने केंद्र सरकार को लॉकडाउन अवधि को बढ़ाने के लिए सुझाव दिया है। हालांकि अभी तक केंद्र ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से 7 अप्रैल, 2020 को एक संक्षिप्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया है कि लॉकडाउन बढ़ाने और खत्म करने को लेकर कोई भी निर्णय अभी तक नहीं लिया गया है। यदि राज्यों के सुझाव आए हैं तो उन पर विचार होगा। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक 1 लाख 7 हज़ार लोगों का टेस्ट किया गया है। इनमें कोविड-19 के 4,421 पॉजिटिव केस हैं। 117 लोगों की मौत हुई है। वहीं 326 लोग ठीक हुए हैं। इसके अलावा कोविड-19 के गंभीर मामलों को हैंडल करने के लिए डेडिकेटेड सेंटर बनाये जा रहे हैं। हल्के मामलों के लिए कोरोना केयर सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कोरोना मामलों की निगरानी के लिए किया जा रहा है। 

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रेस काॅन्फ्रेंस में कहा गया कि सोशल मीडिया पर जो भी बातें हैं वह अफवाह और अटकलें हैं। जब तक सरकार कोविड-19 से जुड़ी कोई बात पत्रकारों को नहीं बताती, तब तक वह सूचना सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत प्रसारित न की जाए। वहीं, पत्रकारों ने कहा कि सूचना स्पष्ट न होने के कारण ही बहुत सारे सवाल पैदा हो रहे हैं, इसीलिए अटकलें भी लगाई जा रही हैं।  

7 अप्रैल, 2020 को दिल्ली में कोविड-19 की रोकथाम के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना संक्रमण के विस्तार को रोकने के लिए 5 टी फार्मूले पर काम होगा। इनमें टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट, टीमवर्क और ट्रैकिंग पर जोर दिया जाएगा। इसमें टेस्टिंग और ट्रेसिंग बहुत ही महत्वपूर्ण है। 1,00,000 लोगों का रैपिड टेस्ट होगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार 30,000 एक्टिव मरीज के इलाज में दिल्ली सक्षम है।  

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सर्वाधिक कोरोनावायरस कैस मरकज के लोगों मे मिले हैं। इसलिए यह पता लगाया जाएगा कि मरकज के लोगों ने दिल्ली में कहां-कहां यात्रा की है। जो भी जगह संदिग्ध मिलेगी उसे सील कर दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस को दो हजार से ज्यादा मरकज के लोगों की सूची सौंप दी गई है। 

उत्तर प्रदेश में भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कहा गया कि राज्य के 37 जिलों में 314 मरीज मरीज कोविड-19 से पॉजिटिव है। अब तक 6,073 सैंपल प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं, इनमें 5595 सैंपल नेगेटिव मिले हैं। अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव, (गृह) उत्तर प्रदेश ने कहा कि देश भर में प्रधानों और पार्षदों से संपर्क करके बाहर से आए लोगों के निगरानी की जा रही है। सभी जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था को तेज करने के लिए भी आदेश दिया गया है। 

राजस्थान मैं कुल 328 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। ईरान से आए 36 लोगों में भी कोरोना संक्रमण पॉजिटिव पाया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जारी अपने बयान में कहा है कि 33 लाख मजदूर और गरीब लोगों की पहचान की गई है, जिनके खाते में ढाई हजार रुपए डाले गए हैं। राशन वितरण भी किया जा रहा है। राज्य ने केंद्र से आर्थिक स्थिरता के लिए मदद की गुहार भी लगाई है।  

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सबसे ज्यादा कीमती लोगों की जिंदगी हैं। अर्थव्यवस्था एक बार फिर संभाली जा सकती है लेकिन जिंदगी एक बार चली गई तो वह वापस नहीं आ सकती। लोगों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रम से लड़ने के लिए लगातार व्यवस्था जारी है। 

Subscribe to Weekly Newsletter :