भयंकर चक्रवाती तूफान में तब्दील हुआ यास, बंगाल और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश

चक्रवाती तूफान के चलते असम और मेघालय में 26 मई को कुछ जगहों पर भयंकर बारिश होने के आसार हैं

By Dayanidhi
Published: Wednesday 26 May 2021
Source : IMD

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर अत्यधिक गंभीर चक्रवाती तूफान 'यास'  पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग 15 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। 26 मई  यानी आज धामरा से लगभग 40 किमी पूर्व, बालासोर (ओडिशा) से 90 किमी दक्षिण,दक्षिण पूर्व, दीघा (पश्चिम बंगाल) से 90 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में है।

26 मई की दोपहर के दौरान इस भीषण चक्रवाती तूफान के उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर ओडिशा तट को पार करके धामरा के उत्तर और बालासोर के दक्षिण में जाने का अनुमान है।

हवा को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 'यास' तूफान के चलते उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा तट पर 90-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवा के 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। अगले 3 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा तट के साथ-साथ पश्चिम बंगाल तट पर 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने का अनुमान है। अगले 3 घंटों के दौरान ओडिशा के मयूरभंज जिले और पश्चिम बंगाल के आसपास के इलाकों में 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने के बाद इसकी गति धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है।

26 शाम तक ओडिशा के पुरी, कटक, खुर्दा, नयागढ़, ढेंकनाल और क्योंझर जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने के आसार हैं। उत्तर ओडिशा के शेष आंतरिक जिलों और पश्चिम बंगाल के बांकुरा, पुरुलिया, हावड़ा, हुगली, नादिया और बर्धमंद जिलों में 55-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा की गति आज शाम तक बनी रहेगी और आज रात से धीरे-धीरे कम हो जाएगी।

अगले 6 घंटों के दौरान दक्षिण झारखंड में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने का अनुमान है। 26 से 27 सुबह के दौरान दक्षिण झारखंड में धीरे-धीरे यह 55-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 75 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के बाद इसके घटने के आसार हैं।

तूफान के प्रभाव में -

तूफान के चलते 26 मई को ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में भयंकर बारिश होने की आशंका है, 26 तारीख को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में बहुत भारी वर्षा होने के आसार है, 26 और 27 मई को झारखंड और 27 मई को बिहार में भी भयंकर बारिश का अनुमान है। 

26 मई को ओडिशा के ढेंकनाल, क्योंझरगढ़ जिले, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, कटक, ढेंकनाल, क्योंझरगढ़ और पुरी, खुर्दा, अंगुल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। देवगढ़, सुंदरगढ़ 26 मई और 27 मई को उत्तर आंतरिक ओडिशा में अलग-अलग स्थानों में भयंकर बारीश का अनुमान है। 

पश्चिम बंगाल में मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना में हल्की से बहुत भारी बारिश होने, हावड़ा, हुगली, कोलकाता और उत्तर 24 परगना जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा  होने के आसार हैं। मेदिनीपुर के अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। 26 मई को झारग्राम, बांकुरा, दक्षिण 24 परगना और पुरुलिया, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्वी बर्धमान, हावड़ा, हुगली, कोलकाता, उत्तर 24 परगना, हल्दिया, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भयंकर बारिश होने का अनुमान है। झारग्राम में अलग-अलग स्थानों पर, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया, पश्चिम बर्धमान, भीरभूम, मालदा, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी 27 मई को मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया गया है। 

झारखंड में 26 और 27 मई को कुछ जगहों पर बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। 

बिहार में 27 मई को कुछ जगहों पर भयंकर बारिश होने और 28 मई को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है।

असम और मेघालय में 26 मई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने तथा अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

समुद्र में उथल-पुथल जारी रहेगी तथा पश्चिम मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में समुद्र में बड़ी-बड़ी लहरें उठने की आशंका है। तूफान के 26 मई की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों, बंगाल की उत्तरी खाड़ी के उत्तरी भागों और उत्तरी आंध्रप्रदेश-ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों पर तूफान का विकट प्रभाव दिखने के आसार हैं।

खतरनाक हवाएं चलने तथा मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटों पर 155-165 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के 185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि वे अगले 24 घंटों के दौरान 26 मई की पूर्वाह्न तक बंगाल की मध्य खाड़ी में और उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी आंध्र प्रदेश-ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों पर न जाएं।

मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन और दक्षिण तमिलनाडु तट पर 40-50 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खतरनाक बनी हुई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए जाने से बचें।

 तूफान के खतरनाक रूप लेने से निचले इलाकों में बाढ़ की चेतावनी

खगोलीय ज्वार से 2-4 मीटर की ऊंचाई वाली ज्वारीय लहरों से मेदिनीपुर, बालासोर, भद्रक के निचले निचले इलाकों में पानी भर जाने का अनुमान है। लैंडफॉल के समय खगोलीय ज्वार से लगभग 2 मीटर ऊपर दक्षिण 24 परगना, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है।

Subscribe to Weekly Newsletter :