उत्तर के इन हिस्सों में कोहरा, पंजाब में शीतलहर का प्रकोप, दक्षिण में भारी बारिश के आसार

अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

By Dayanidhi
Published: Tuesday 19 December 2023

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती प्रसार के रूप में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में सक्रिय है, यह समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर बना हुआ है। हालांकि मौसम पर इसका बहुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिल रहा है। फिर भी, उत्तर भारत के ऊंचे हिस्सों में हल्की बारिश और हिमपात के आसार हैं

वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। इसी दौरान हरियाणा में और 20 और 21 दिसंबर की सुबह के समय असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं।

देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में उतार चढ़ाव का पूर्वानुमान देखें तो, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। पारे के लुढ़कने के कारण 19 और 20 दिसंबर को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है

मौसम विभाग की मानें तो, उपरोक्त हिस्सों को छोड़कर अगले चार से पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं, एक चक्रवाती प्रसार कोमोरिन और आसपास के निचले स्तरों पर जारी है। इसकी वजह से आज, 19 दिसंबर को दक्षिण तमिलनाडु और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन दोनों जगहों पर 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

इस चक्रवाती प्रसार के चलते लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र, लक्षद्वीप और आसपास के दक्षिण-पूर्व अरब सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, सोमालिया तट और आसपास के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां हुआ तापमान में उतार-चढ़ाव?
कल पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, उत्तरी झारखंड और पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इन राज्यों में सुबह और शाम के समय सर्दी अपने चरम पर है, तथा कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।

वहीं, न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखें तो कल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों, केरल और माहे तथा मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों, मराठवाड़ा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में

कल, तेलंगाना के कई हिस्सों, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, राजस्थान और जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।

वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा,चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे दर्ज किया गया, जबकि देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

अधिकतम तापमान के पूर्वानुमान के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, असम और मेघालय तथा जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट देखें तो कल, मराठवाड़ा के अधिकांश इलाकों,विदर्भ, पश्चिम मध्य प्रदेश और गुजरात के कई इलाकों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के कुछ हिस्सों, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, वहीं देश के शेष हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में अमृतसर (पंजाब) में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, हरनाई (कोंकण और गोवा) में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 18 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 18 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु के रामनाडा, विरुधुनगर, अरूपपुकोत्तई, थिरुचेंदुर और सत्तनकुलम प्रत्येक जगह 1 सेमी, उत्तराखंड के रुद्रपुर में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to Weekly Newsletter :