खसरे से होने वाली मौतों में 43 फीसद की वृद्धि, मामलों में भी हुई 18 फीसदी की बढ़ोतरी: डब्ल्यूएचओ

2022 में 15 और देशों में खसरे के प्रकोप की सूचना मिली है। वहीं इसके मामलों की संख्या भी 18 फीसदी की वृद्धि के साथ बढ़कर 90 लाख पर पहुंच गई है

By Kiran Pandey, Lalit Maurya
Published: Saturday 18 November 2023
टीकाकरण की दो खुराक से खसरे से बचा जा सकता है, इसके बावजूद आज भी तीन करोड़ से ज्यादा बच्चे इस वंचित हैं; फोटो: आईस्टॉक

दुनिया में खसरे का खतरा एक बार फिर पैर पसार रहा है। रिपोर्ट से पता चला है कि 2021-22 के बीच खसरे से होने वाली मौतों में 43 फीसदी का इजाफा हुआ है। गौरतलब है कि 2022 में खसरे से 136,000 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें से ज्यादातर बच्चे थे।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और अमेरिकी रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने अपनी इस रिपोर्ट में खुलासा किया है कि खसरे के टीकाकरण कवरेज में वर्षों की गिरावट के बाद, 2022 में खसरे के मामलों में 18 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 90 लाख पर पहुंच गया है, जोकि चिंता का विषय है।

बता दें कि खसरा, एक अत्यधिक संक्रामक रोग है, जिसके लिए वायरस जिम्मेवार होता है। जो संक्रमित व्यक्ति की सांस, छींक या खांसी से निकलने वाली बूंदों के माध्यम से फैलता है। इससे गंभीर बीमारी या मृत्यु तक हो सकती है। विश्लेषण के अनुसार जहां 2021 में 22 देशों में इसके प्रकोप का पता चला था जो 2022 में बढ़कर 37 देशों में फैल गया है।

पिछले वर्ष जहां 28 अफ्रीकी देशों ने इसके प्रकोप की सूचना दी थी। इसके साथ ही पूर्वी भूमध्य सागर में छह, दक्षिण पूर्व एशिया में दो और एक यूरोपियन देश में इसके मामलों की पुष्टि हुई है।

टीकाकरण पर बनाए विशेषज्ञों के रणनीतिक सलाहकार समूह का कहना है कि खसरा उन्मूलन की उपलब्धि खतरे में है, क्योंकि यह बीमारी कई देशों में एक बार फिर उभर आई है। यह वो देश है जो पहले खसरा उन्मूलन के लक्ष्य तक पहुंच चुके थे या पहुंचने के करीब थे।

सीडीसी के वैश्विक टीकाकरण विभाग के निदेशक जॉन वर्टेफ्यूइल ने इस बारे में अपने बयान में कहा है कि, "खसरे के प्रकोप और मौतों में हुई उल्लेखनीय वृद्धि चिंताजनक है। लेकिन दुर्भाग्य से, पिछले कुछ वर्षों में टीकाकरण की दरों में गिरावट को देखते हुए इसकी आशंका बनी हुई थी।"

टीकाकरण कवरेज में हुई वृद्धि, लेकिन अभी करोड़ों बच्चों से दूर खुराक

टीकाकरण की दो खुराक से खसरे से बचा जा सकता है। 2021-22 के बीच दुनिया भर में टीकाकरण की कवरेज में थोड़ी वृद्धि जरूर हुई है लेकिन इसके बावजूद  3.3 करोड़ बच्चे अभी भी इससे वचित हैं। जहां 2.2 करोड़ बच्चों को इसकी पहली खुराक नहीं मिल पाई थी, वहीं 1.1 करोड़ बच्चे इसकी दूसरे खुराक से वंचित रह गए थे।

2022 में, दुनिया के करीब 83 फीसद बच्चों को खसरे की पहली खुराक मिल पाई थी, जो 2008 के बाद से सबसे कम है। वहीं महज 74 फीसदी बच्चों को दूसरी खुराक उपलब्ध हो सकी थी, जो इसके प्रकोप को रोकने के लिए आवश्यक 95 फीसदी की कवरेज से काफी कम है।

विडम्बना देखिए कि आर्थिक रूप से कमजोर देशों में जहां खसरे से संबंधित मौतों का जोखिम सबसे अधिक है, वहां टीकाकरण दर सबसे कम करीब 66 फीसदी थी, जो महामारी के दौरान आई गिरावट से उबरने का कोई संकेत नहीं देती है।

आंकड़ों के अनुसार 2022 में खसरे के टीके की पहली खुराक से चूक गए 2.2 करोड़ बच्चों में से आधे से अधिक सिर्फ 10 देशों के हैं, जिनमें मेडागास्कर, नाइजीरिया, पाकिस्तान, अंगोला, ब्राजील, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया और फिलीपींस शामिल हैं।

2015 के बाद से, देखें तो अफ्रीका में खसरे की पहली खुराक (एमसीवी1) की कवरेज दर में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। 2021 में, क्षेत्र के 47 देशों में से करीब आधों में एमसीवी1 की कवरेज 80 फीसदी से कम थी। वहीं डब्ल्यूएचओ द्वारा जून 2023 में जारी साप्ताहिक रिपोर्ट से पता चला है कि इसकी दूसरी खुराक की यह दर करीब 40 फीसदी थी।

यह भी पढ़ें: खसरे के मामलों में चौथे स्थान पर है भारत: डब्ल्यूएचओ

भारत ने भी इन बीमारियों के उन्मूलन के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के नेतृत्व में एक नियमित टीकाकरण अभियान चलाया है। भारत का लक्ष्य मिशन इंद्रधनुष की मदद से 2023 तक खसरा और रूबेला को खत्म करना है। इस अभियान के तहत देश की 95 फीसदी आबादी को खसरे और रूबेला वैक्सीन की दो खुराक देने की योजना बनाई गई है।

डब्ल्यूएचओ के टीकाकरण निदेशक केट ओ'ब्रायन का कहना है कि, "महामारी के बाद भी कम आय वाले देशों में खसरे के टीके की कवरेज में सुधार की कमी खतरे की घंटी है।" उनके मुताबिक खसरे को 'असमानता का वायरस' कहा जाता है क्योंकि यह उन लोगों को निशाना बनाता है, जो सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, "हर बच्चे को खसरे के जीवनरक्षक टीके की मदद से सुरक्षित होने का अधिकार है, चाहे वो कहीं भी रह रहे हों"

ऐसे में डब्ल्यूएचओ और सीडीसी ने देशों को खसरे जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए हर बच्चे की पहचान और उनका टीकाकरण करने की सलाह दी है। यह वो बीमारियां हैं जिन्हें टीकाकरण से रोका जा सकता है। टीकाकरण सीधे तौर पर सतत विकास के तीसरे लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देता है, जो अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संगठनों से भी देशों की कमजोर आबादी के टीकाकरण में सहायता करने का आह्वान किया है। इसके साथ ही उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय, क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर सभी वैश्विक स्वास्थ्य साझेदारों से मजबूत निगरानी प्रणालियों और प्रकोप प्रतिक्रिया क्षमताओं में निवेश करने का आग्रह किया है ताकि प्रकोप की तुरंत पहचान और उस पर काबू पाया जा सके।

Subscribe to Weekly Newsletter :