प्रचंड चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' अगले 48 घंटों में और तेज होगा, इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

अगले 48 घंटों के दौरान तूफान के लगभग उत्तर, उत्तर-पूर्व की ओर और बाद के तीन दिनों के दौरान उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के आसार हैं

By Dayanidhi
Published: Friday 09 June 2023
फोटो साभार :आई-स्टॉक

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व-मध्य अरब सागर में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' पिछले छह घंटों के दौरान तीन किमी प्रति घंटे की गति के साथ धीरे-धीरे उत्तर, उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है।

आज, नौ जून, 2023 को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे यह यहीं पर बना रहा। यह गोवा से लगभग 820 किमी पश्चिम में, मुंबई से 840 किमी पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम में, पोरबंदर से 850 किमी दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम में और कराची से 1140 किमी दक्षिण में है।

मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान अगले 48 घंटों के दौरान धीरे-धीरे और गति पकड़ेगा। इसी दौरान तूफान के लगभग उत्तर, उत्तर-पूर्व की ओर और बाद के तीन दिनों के दौरान उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए केरल और माहे, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है

वहीं भारत के पश्चिमी तटों पर सप्ताह के आखिरी में भारी वर्षा होने का अनुमान है क्योंकि चक्रवात बिपरजॉय गति पकड़ रहा है। मौसम विज्ञानियों ने पहले कहा था कि तूफान मॉनसून की तीव्रता को प्रभावित कर रहा है और केरल में इसकी शुरुआत हल्की होगी।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज मध्य अरब सागर में 145 से 155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। वहीं आज दक्षिण अरब सागर के आस-पास के इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के 70 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने की आशंका है।

आज गोवा-महाराष्ट्र-गुजरात के तटों पर 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।वहीं आज केरल-कर्नाटक के तटों और लक्षद्वीप क्षेत्र में 35 से 45 किमी प्रति घंटे से लेकर 55 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाओं के चलने की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को जून की 12 तारीख तक पूर्व-मध्य और आसपास के पश्चिम-मध्य और दक्षिण अरब सागर में और 12 से 14 जून के दौरान उत्तर और मध्य अरब सागर से सटे इलाकों में मछली पकड़ने के कार्यों को पूरी तरह से रोक देने की चेतावनी जारी की है।

मछुआरों को इस महीने की 13 तारीख तक मध्य अरब सागर और 12 से 14 जून तक उत्तरी अरब सागर के आस-पास के इलाकों में न जाने की भी सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने उन सभी लोगों को तट पर लौटने की सलाह दी है जो अभी भी उपरोक्त समुद्री इलाकों में हैं।

Subscribe to Weekly Newsletter :