चक्रवाती प्रसार जारी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

आज, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे में तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा वज्रपात के आसार हैं

By Dayanidhi
Published: Wednesday 15 November 2023

नवंबर का आधा महीना बीत चुका है बावजूद इसके उत्तर-पश्चिम भारत में सर्दी का सितम बहुत अधिक नहीं है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है।    

वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में दिन और रात का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, उत्तर और उत्तर-पूर्व राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के तमाम राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के अभी सक्रिय होने का अनुमान नहीं है, बारिश तभी होगी जब यह सक्रिय होगा।

देश की राजधानी दिल्ली के मौसम में बदलाव की बात करें तो, यहां एक बार फिर प्रदूषित हवा का दौर लौट आया है। कुछ दिनों पहले हुई बारिश से मिली राहत के बाद निरंतर हवा की गुणवत्ता खराब होते जा रही है। वर्तमान में दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल दिल्ली में बारिश होने का कोई अनुमान नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं एक अन्य चक्रवाती प्रसार दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका पर बना हुआ है जो मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज, 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। यानी इन सभी राज्यों में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में भी जमकर बरसेंगे बादल यानी इन दोनों हिस्सों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के मुताबिक आज, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा वज्रपात के आसार हैं।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, पश्चिम मध्य और आसपास के उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ ओडिशा और आसपास के उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज, तमिलनाडु और पुडुचेरी तथा श्रीलंका के तटों, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 14 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों, रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में झूम के बरसे बादल या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश
कल, 14 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 14 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कराईकल में 7 सेमी, नागपट्टिनम में 6 सेमी, पारंगीपेट्टाई में 5 सेमी, कुड्डालोर में 4 सेमी, पांडिचेरी में 4 सेमी, चेन्नई मीनंबक्कम में 3 सेमी, नुमगुम्बक्कम में 3 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लॉन्ग आइसलैंड में 4 सेमी, माया बंदर में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, गुजरात, पश्चिम उत्तर प्रदेश और असम तथा मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां-कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल,तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा।

वहीं कल, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में हिसार (हरियाणा) में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, कन्नूर और कारवार (तटीय कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया।

Subscribe to Weekly Newsletter :