चक्रवाती प्रसार के कारण, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश व विदर्भ सहित इन राज्यों में भारी बारिश

सात और आठ सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में और आठ से 10 सितंबर के दौरान उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है

By Dayanidhi
Published: Thursday 07 September 2023
फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, ऋतेश169ओ

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती प्रसार दक्षिण आंतरिक ओडिशा और आसपास के इलाकों में बना हुआ है जो मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

वहीं, मॉनसून ट्रफ सक्रिय है और अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में बनी हुई है। इसके अगले चार से पांच दिनों के दौरान अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में या सामान्य स्थिति के करीब बने रहने का पूर्वानुमान है।

उपरोक्त चक्रवाती प्रसार, मॉनसून ट्रफ की गतिविधि को देखते हुए, मौसम विभाग ने आज यानी सात सितंबर को, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार जताए हैं। इन राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

वहीं आज, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में भी जमकर बरसेंगे मॉनसूनी बारिश, यानी इन सभी राज्यों में भी 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने के आसार हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की बात करें तो, आठ सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।
सात और आठ सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में और आठ से 10 सितंबर के दौरान उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई है

वहीं आज, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़,पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, बिहार, झारखंड, असम और मेघालय नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात के आसार हैं।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर और मन्नार की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे की तूफानी गति से हवाएं चलने की आशंका है।

वहीं आज, दक्षिण और समीपवर्ती मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।   

आज, उत्तरी अंडमान सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र और केरल से लेकर कर्नाटक तटों के आसपास 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, जैसलमेर (पश्चिमी राजस्थान) में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में औरंगाबाद (मध्य महाराष्ट्र) में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, छह सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान झारखंड के अधिकांश इलाकों, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और माहे, असम और मेघालय, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।
वहीं कल, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में झूम के बरसे बादल या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, छह सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय के गुवाहाटी में 1 सेमी, झारखंड के डाल्टन गंज, रांची और जमशेदपुर प्रत्येक जगह 1 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के सतना में 2 सेमी, जबलपुर और धार प्रत्येक जगह 1 सेमी, पश्चिमी मध्य प्रदेश के इंदौर में 2 सेमी, हिमाचल प्रदेश के शिमला में1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं कल, पश्चिमी राजस्थान के चूरू में 2 सेमी, पूर्वी राजस्थान के उदयपुर में 1 सेमी, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 6 सेमी, अंबिकापुर में 1 सेमी, तेलंगाना के भद्राचलम में1 सेमी, कोंकण और गोवा के अलीबाग में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के विजयवाड़ा में 2 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के सेलम में 1 सेमी बारिश हुई।

Subscribe to Weekly Newsletter :