मॉनसून अपडेट: इन राज्यों में भारी बारिश लेकिन दिल्ली-पंजाब-हरियाणा में कब बरसेंगे बादल, यहां जानें

आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत इन राज्यों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने के आसार हैं

By Dayanidhi
Published: Thursday 07 July 2022

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक कच्छ और इससे सटे इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर पूर्व अरब सागर और कच्छ तथा दक्षिण पाकिस्तान के तटीय क्षेत्रों पर बन गया है।

इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।

मॉनसून ट्रफ सक्रिय है और अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में है। इसका पश्चिमी छोर के कल से धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है।

समुद्र तल से दूर चलने वाली हवाएं गुजरात तट से कर्नाटक तट तक जाती है। वहीं एक चक्रवाती प्रसार उत्तरी ओडिशा और इससे सटे छत्तीसगढ़ के निचले स्तरों में बना हुआ है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए बताया है कि अगले 5 दिनों के दौरान ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और कर्नाटक में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।

आज 07 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों तथा कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।  

वहीं आज पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।

आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों, पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा तथा विदर्भ में मूसलाधार बारिश हो सकती है।  

आज असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तथा केरल और माहे में भी जमकर बरसेंगे बादल।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया गया है।

वहीं आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात के तटों, उत्तर पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र तथा उत्तरी बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज दक्षिण पश्चिम अरब सागर और उससे सटे पश्चिम मध्य अरब सागर, अरब सागर के मध्य भागों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के 70 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका है।  

आज कर्नाटक, महाराष्ट्र तट, कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण पूर्व और पूर्व मध्य अरब सागर तथा केरल के तटों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल गंगानगर (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
देश के मैदानी इलाकों में खरगोन (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 06 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान झारखंड, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, विदर्भ, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, मराठवाड़ा, ओडिशा, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 2 सेमी या उससे अधिक बारिश
कल 06 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान कोंकण और गोवा के माथेरान में 6 सेमी, मुंबई (एससीजेड) में 3 सेमी और दहानू में 2 सेमी, सौराष्ट्र और कच्छ के ओखा में 5 सेमी, वेरावल में 4 सेमी, दीव में 3 सेमी, दमन में 5 सेमी और केशोद, द्वारका और भुज  प्रत्येक जगह 2 सेमी, गुजरात के  बुलसर में 3 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के कोलकाता (दम-दम और अलीपुर) में 2 सेमी,  छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी
कल 06 जुलाई को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश असम और मेघालय तथा पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

Subscribe to Weekly Newsletter :