उत्तराखंड-हिमाचल समेत इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात-बौछारें, असम-मेघालय में भारी बारिश

आज विदर्भ, आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi
Published: Thursday 22 June 2023

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण पश्चिम मॉनसून के भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ और हिस्सों, ओडिशा के कुछ इलाकों, पश्चिम बंगाल में गंगा के कुछ तटीय इलाकों, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' का असर अभी भी बना हुआ है। चक्रवाती तूफान के कारण उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में एक कम दबाव का क्षेत्र लगातार बना हुआ है। तूफान के असर को देखते हुए आज, 22 जून को उत्तरी मध्य प्रदेश और इससे सटे उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

देश में तापमान में उतार-चढ़ाव को देखें तो, मौसम विभाग ने पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की जानकारी दी है। उसके बाद अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई है।

वहीं पूर्वी भारत की बात करें तो अगले पांच दिनों के दौरान यहां अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

कहां-कहां चलेगी लू या हीटवेव?
आज विदर्भ, आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है

कहां होगी बहुत भारी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 22 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है

वहीं आज अरुणाचल प्रदेश,पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग ने उत्तराखंड तथा विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई है।

वहीं आज, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने के आसार हैं।

आज, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की आशंका है।

वहीं आज, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने के आसार हैं।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पश्चिम मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर और मन्नार की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं केरल से लेकर कर्नाटक के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु से लेकर दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर 45-55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा लू या हीटवेव का प्रकोप?
कल, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई हिस्सों में लू या हीटवेव महसूस की गई, वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, आंतरिक ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में भी लू का प्रकोप बना रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि, पिछले 12 से 14 दिनों से ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में तथा पिछले 10 से 12 दिनों से पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भीषण लू या लू का प्रकोप जारी है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, गंगानगर (पश्चिम राजस्थान) में अधिक तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चपरमुख (असम और मेघालय) में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 21 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय तथा केरल और माहे के कई इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई पांच सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 21 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान चेरापूंजी और बांकुरा प्रत्येक जगह 5 सेमी, कानपुर और उधगमंडलम में 4 सेमी, गोलाघाट, राजनांदगांव और लॉन्ग आइलैंड प्रत्येक जगह 3 सेमी, पासीघाट, शिलांग और पलक्कड़ प्रत्येक जगह 2 सेमी, सुल्तानपुर, उरई, सतना, दमोह, रायसेन, धुबरी, गुवाहाटी, गोलपारा, कैलाशहर, मालदा, जलपाईगुड़ी, डाल्टनगंज, रेंटाचिंतला, आरोग्यवरम, पुनालुर, कोचीन और वालप्राई प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, 21 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ आंधी चली। मौसम संबंधी इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आसार हैं।

Subscribe to Weekly Newsletter :