सरकार की अपील : गाय को गले लगाकर मनाएं वैलेंटाइन

14 फरवरी को ऐसा करने के लिए सरकार की ओर से कहा गया है। 

By Vivek Mishra

On: Wednesday 08 February 2023
 

भारतीय पशु कल्याण बोर्ड (एडब्ल्यूबीआई) की ओर से पहली बार एक बिल्कुल अलहदा अपील जारी की गई है। 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाया जाता है लेकिन एडब्ल्यूबीआई ने अपील जारी करते हुए कहा है कि इस वैलेंटाइन को सभी पशु प्रेमी गाय को गले लगाकर वैलेंटाइन मनाएं।

एडब्ल्यूबीआई की ओर से जारी अपील में कहा गया है : गाय भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हमारी जिंदगी को चलाती है। पशु धन और जैवविविधता को प्रदर्शित करती है। यह कामधेनु और गौमाता के नाम से जानी जाती है। यह मां की तरह होती है जो हमें सभी संपदा प्रदान करती है।

इस अपील में आगे कहा गया है  : लगातार पश्चिमी सभ्यता के बढ़ने के कारण वैदिक सभ्यता के अभ्यास लगभग समाप्ति की ओर है। पश्चिमी सभ्यता की चकाचौंध ने हमारी सभ्यता और संस्कृति को भुला दिया है।  

इतना ही नहीं एक भावनात्मक अपील भी इसमें जोड़ी गई है। बोर्ड की तरफ से कहा गया है : गाय के अनेकों फायदों को देखते हुए यदि उसे हम गले लगाएंगे तो यह हमारे भीतर भावनात्मक समृद्धि पैदा करेगी। जो व्यक्तिगत और सामूहिक खुशी को पैदा करेगी। 

अपील में आगे लिखा गया है : इसलिए सभी गाय प्रेमी उसे माता मानते हुए 14 फरवरी को "काउ हग डे" के रूप में मनाएं। यह हमारे जीवन को खुशियों से भर देगी साथ ही एक सकारात्मक ऊर्जा पैदा करेगी।

अंत में लिखा गया है कि यह अपील मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के आदेश के बाद जारी किया गया है।

 

 

Subscribe to our daily hindi newsletter