विश्व पर्यटन दिवस 2023: पर्यटन धरती पर हर दस लोगों में से एक को रोजगार देता है

ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन विशेष रूप से महिलाओं जैसे पारंपरिक रूप से वंचित समूहों को लाभान्वित कर सकता है, जो पर्यटन क्षेत्र में 54 फीसदी रोजगार में योगदान करता हैं

By Dayanidhi

On: Wednesday 27 September 2023
 

पूरी दुनिया में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर साल 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। इसकी स्थापना संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) द्वारा संस्कृतियों को जोड़ने में मदद करने के लिए पर्यटन क्षेत्र के महत्व का जश्न मनाने के लिए की गई थी।

1979 में, संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) ने विश्व पर्यटन दिवस की घोषणा की। आधिकारिक तौर पर इसे 1980 से मनाया जाने लगा था।

इस दिन, देश और विभिन्न संगठन पर्यटन को बढ़ावा देते हैं ताकि लोग इतिहास, विरासत, संस्कृतियों, स्थानों और रोमांच को फिर से तलाशें।

क्या है विश्व पर्यटन दिवस 2023 की थीम?

संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) के अनुसार, विश्व पर्यटन दिवस 2023 की थीम 'पर्यटन और हरित निवेश' है, जो  सतत विकास लक्ष्यों के लिए अधिक और बेहतर निवेश की आवश्यकता पर प्रकाश डालता है। यह 2030 तक बेहतर दुनिया के लिए संयुक्त राष्ट्र का लक्ष्य है।

यूएनडब्ल्यूटीओ के मुताबिक, कोविड-19 के कारण पर्यटन क्षेत्र में आया व्यवधान, लोगों, ग्रह और समृद्धि के लिए अधिक टिकाऊ भविष्य के लिए पर्यटन निवेश की दिशा को फिर से परिभाषित और पुन: व्यवस्थित करने का अवसर प्रदान करता है।

इस वर्ष, चूंकि सऊदी अरब यूएनडब्ल्यूटीओ कार्यकारी परिषद का अध्यक्ष है, 120 देशों के 500 से अधिक सरकारी अधिकारी और उद्योग जगत के नेता 27 से 28 सितंबर तक रियाद में एकत्र होंगे।

पर्यटन आपसी समझ को बढ़ावा देता है, एक पुल की तरह काम करता है, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण की रक्षा करता है। यह अधिक सामंजस्यपूर्ण विश्व में योगदान देता है। यह डिजिटलीकरण और नवाचार को भी बढ़ावा देता है।

यूएनडब्ल्यूटीओ के मुताबिक, वैश्विक पर्यटन को अब से 2030 के बीच हर साल लाखों अतिथि सत्कार करने वाले स्नातकों की जरूरत पड़ेगी और प्रति वर्ष अतिरिक्त 8,00,000 नौकरियों के लिए विशिष्ट व्यावसायिक प्रशिक्षण की आवश्यकता होगी। इन कारणों से, हमें लोगों में निवेश करने की आवश्यकता है, क्योंकि वे पर्यटन की नींव हैं ताकि जो लोग इस क्षेत्र का हिस्सा बनना चाहते हैं उन्हें दुनिया में कहीं भी, गुणवत्तापूर्ण पर्यटन प्रशिक्षण प्राप्त करने के समान अवसर मिलें।

क्या आप जानते हैं?

पर्यटन धरती पर हर दस लोगों में से एक को रोजगार देता है

ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन विशेष रूप से महिलाओं जैसे पारंपरिक रूप से वंचित समूहों को लाभान्वित कर सकता है, जो पर्यटन क्षेत्र में 54 फीसदी कार्यबल में योगदान करता हैं, जबकि पूरी अर्थव्यवस्था में यह 39 फीसद है।

उभरते गंतव्यों में, 50 फीसदी युवा अवसर, संसाधनों या शैक्षणिक प्रशिक्षण तक पहुंच की कमी के कारण पर्यटन में काम करने में असमर्थ हैं।

इसलिए किसी कवि ने लिखा कि,

सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल ज़िंदगानी फिर कहां
ज़िंदगी गर कुछ रही तो ये जवानी फिर कहां

 

Subscribe to our daily hindi newsletter