बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायबविग को मिला इस बार अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार

इस वर्ष अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में यह स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार तीन अमेरिकी अर्थशास्त्रियों बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायबविग को देने का निर्णय लिया गया है

By Lalit Maurya

On: Monday 10 October 2022
 

स्‍वीडन नोबेल पुरस्कार समिति ने इस बार के अर्थशास्‍त्र के नोबेल पुरस्‍कार की घोषणा कर दी है। इस वर्ष अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में यह स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार तीन अमेरिकी अर्थशास्त्रियों बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायबविग को देने का निर्णय लिया गया है। उन्हें यह पुरस्कार बैंकों और वित्तीय संकटों पर किए उनके शोध के लिए दिया गया है।

उनके द्वारा की खोजों से समाज में यह सुधार आया है कि वो वित्तीय संकटों से कैसे निपटता है। इन अर्थशास्त्रियों ने सैद्धांतिक मॉडल विकसित किए हैं जो बताते हैं कि हमारे समाज में बैंक क्यों मौजूद हैं, समाज में उनकी क्या भूमिका है। साथ ही उनके बंद होने की अफवाहों से समाज पर क्या असर पड़ता है और इसकी सम्भावना को कैसे कम किया जा सकता है।

इससे पहले वर्ष 2021 में अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार डेविड कार्ड को संयुक्त रूप से जोशुआ डी एंग्रिस्ट और गुइडो डब्ल्यू इम्बेंल के साथ मिलकर दिया गया था। डेविड कार्ड को लेबर इकोनॉमिक्स में उनके योगदान के लिए सम्मान दिया गया था, जबकि जोशुआ एंग्रिस्ट और गुइडो इम्बेंस को प्राकृतिक प्रयोगों से कारण और प्रभाव के बारे में सटीक निष्कर्ष निकालने के लिए इस पुरस्कार से नवाजा गया था।

देखा जाए तो उनके शोध में एक महत्वपूर्ण खोज यह है कि बैंकों को पतन से बचना क्यों महत्वपूर्ण है? आपकी जानकारी के लिए बता दें की अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पहले नोबेल पुरस्कार की घोषणा वर्ष 1969 में की गई थी। इस पुरस्कार के तहत एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग नौ लाख अमेरिकी डॉलर) का नकद पुरस्कार दिया जाता है। यह पुरस्कार 10 दिसंबर 2022 को प्रदान किया जाएगा।

गौरतलब है इससे पहले शुक्रवार 07 अक्टूबर 2022 को बेलारूस के मानवाधिकार कार्यकर्ता एलेस बियालियात्स्की के साथ रूस के मानवाधिकार संगठन ‘मेमोरियल’ और यूक्रेन के ‘सिविल लिबर्टीज’ को संयुक्त रूप से उनके सत्ता की आलोचना के साथ-साथ नागरिकों के बुनियादी अधिकारों के संरक्षण पर किए काम के लिए नोबल शांति पुरस्कार से नवाजा गया था।

वहीं इस साल दिए गए अन्य नोबेल पुरस्कारों की बात करें तो 2022 साहित्‍य का नोबेल पुरस्‍कार फ्रांस की लेखिका एनी एर्नॉक्स को दिया गया है। वहीं इससे पहले 03 अक्टूबर 2022 को स्वीडिश वैज्ञानिक स्वांते पाबो को चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

उन्हें यह पुरस्कार उनकी मानव के क्रमिक विकास पर की गई रिसर्च के लिए दिया गया है। स्वांते पाबो ने निएंडरथल के जीनोम को अनुक्रमित किया है। निएंडरथल वर्तमान मनुष्यों के विलुप्त रिश्तेदार हैं।

इस बार का केमिस्ट्री का नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी अमेरिका की कैरोलिन आर बेरटोजी, यूनिवर्सिटी ऑफ कोपेनहेगन (डेनमार्क) के मॉर्टेन मिएलडॉल और अमेरिका के स्क्रिप्स रिसर्च सेंटर के बैरी शार्पलेस को दिया गया है। इन तीनों वैज्ञानिकों को यह अवॉर्ड क्लिक केमिस्ट्री और बायोऑर्थोगोनल केमिस्ट्री के विकास में उनके योगदान के लिए दिया गया था।

इस बार भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मंगलवार 04 अक्टूबर 2022 को संयुक्त रूप से तीन वैज्ञानिकों एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर को क्वांटम फिजिक्स में उनके योगदान के लिए दिया गया है।

अपने प्रयोगों में भौतिक वैज्ञानिक एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर ने जटिल रूप से उलझी हुई स्थिति में मौजूद कणों (पार्टिकल्स) की जांच और उनको नियंत्रण करने की क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होने अपने प्रयोगों से स्पष्ट किया है कि दो कण अलग होने के बाद भी एक इकाई की तरह व्यवहार करते हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter