कोविड-कुंभ : 13 लाख ने किया शाही स्नान, कोरोना मामलों की रफ्तार तेज

हरिद्वार के कोरोना जांच और पॉजिटिव आंकड़ों को लेकर भी भ्रम बना हुआ है

By Vivek Mishra

On: Thursday 15 April 2021
 
फोटो : मिधुन

 
उत्तराखंड के हरिद्वार में 14 अप्रैल को  एक और शाही स्ननान संपन्न हुआ। मेला प्रशासन ने डाउन टू अर्थ को बताया कि 14 अप्रैल को कुल 135,1631 ने गंगा स्नान किया। पहले शाही स्नान की तरह ही सोशल डिस्टेसिंग और मास्क जैसे बुनियादी नियमों का उल्लंघन होता रहा। प्रशासन सिर्फ अखाड़ों के स्नान में व्यस्त रहा। 
 
मेला अधिकारी दीपक रावत ने इस कुंभ स्नान को एक सफल आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के इस दौर में भी शाही स्नान को शासन और प्रशासन ने बहुत अच्छी तरीके से संपन्न किया है।  
  
कुंभ मेले में 12 अप्रैल, 2021 को 31 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था। कोरोना बचाव के स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का पालन नहीं हो पाया था।  
 
सिर्फ दो दिन के भीतर कुंभ के शाही स्नान में श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ी गिरावट हुई। मेला अधिकारियों ने बताया कि दूसरे राज्यों में कोविड-19 मामलों के चलते प्रतिबंधों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या मेला तक नहीं पहुंच पाई। 
 
बहरहाल,  पुलिस प्रशासन ने डाउन टू अर्थ को बताया कि 13 अप्रैल, 2021 को 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु मेला क्षेत्र में पहुंचे। यह 10 अप्रैल, 2021 के बाद से श्रद्धालुओं के पहुंचने की सर्वाधिक संख्या रही। इससे पहले 12 अप्रैल को दोपहर तक 1.5 लाख लोग पहुंचे थे। 11 अप्रैल को 95 हजार और 10 अप्रैल को संख्या 40 हजार तक थी। 
 
हालांकि, 14 अप्रैल को प्रशासन के दावे के मुताबिक शाही स्नान में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी के बावजूद हरिद्वार में कोरोना के मामलों का ग्राफ बढ़त की ओर ही है। चौंकाने वाली बात है कि अभी तक हरिद्वार में कोरोना मरीजों के मृत्यु का कोई आंकड़ा नहीं है। 
 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके झा के मुताबिक 0.6 फीसदी की दर से कोरोना संक्रमण फैल रहा है। उन्होंने बताया कि आरटी-पीसीआर टेस्ट संभव नहीं हो पा रहे हैं। जबकि एंटीजन टेस्ट जारी हैं। 
 
हरिद्वार के कोरोना जांच और पॉजिटिव आंकड़ों को लेकर भी भ्रम बना हुआ है। दरअसल एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव संख्या बहुत कम है जबकि आरटीपीसीआर टेस्ट में पॉजिटिव लोगों की संख्या काफी ज्यादा मिल रही है। 
 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी से डाउन टू अर्थ को मिले आंकड़ों के मुताबिक इस हफ्ते लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है। जिसमें यह स्पष्ट देखा जा सकता है कि एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव केसों की संख्या काफी कम है जबकि बहुत कम आरटीपीसीआर टेस्ट में पॉजिटिव लोगों की संख्या बहुत ज्यादा है। 
 
बहरहाल स्टेशन पर काफी भीड़ है। बंगाल और महाराष्ट्र जैसी जगहों से आने वाले कई लोगों के पास टिकट नहीं है। सभी स्टेशन के पंडाल में रुके हैं। प्रशासन इन लोगों को यहां से जल्द से जल्द वापस भेजना चाहता है। 
  
कुंभनगरी में बढ़ता कोरोना का बढ़ता ग्राफ :
 
10 अप्रैल, 2021 को कुल 30,638 जांच हुई कुल 205 कोरोना संक्रमित थे। 
 
- इनमें एंटीजन टेस्ट 22610  में 54 संक्रमित मिले
- आरटीपीसीआर टेस्ट 8028  में 151 संक्रमित मिले
 
11 अप्रैल, 2021 को 55,430 जांच हुई, कुल 369 संक्रमित मिले
- 49929 एंटीजन जांचें हुई इनमें 98 कोरोना संक्रमित पाए गए। 
- 5501 आरटीपीसीआर जांच हुई इनमें 271 कोरोना संक्रमित मिले।
 
12 अप्रैल, 2021 को  66203 जांच हुई और 387 पॉजिटिव मिले
 
- 61810 एंटीजन जांचे हुई इनमें 171 पॉजिटिव मिले। 
- 4393 आरटीपीसीआर हुए इनमें 215 पॉजिटिव मिले। 
 
13 अप्रैल, 2021 को 50638 कुल टेस्ट हुए इनमें कुल 496 पॉजिटिव मिले
- 45285 एंटीजन टेस्ट हुए इनमें 163 पॉजिटिव मिले। 
- 5353 आरटी-पीसीआर टेस्ट हुए इसमें 333 पॉजिटिव मिले
 
-  14 अप्रैल, 2021 को शाम पांच बजे तक कुल 36243 जांचे हुईं हैं, इनमें एंटीजन से 154 संक्रमित मिले हैं। 2000 से अधिक आरटीपीसीआर जांचे हुई हैं। इनके परिणाम एक दिन बाद आएंगे। रात 12 बजे तक यह आंकड़े और अपडेट हो जाएंगे। 
 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके झा ने डाउन टू अर्थ को बताया कि हरिद्वार में कोरोना संक्रमण के फैलने की दर अभी 0.6 फीसदी है। यह सभी आंकड़ें कुंभ और हरिद्वार को मिलाकर तैयार किए गए हैं। यह 24 घंटे के आधार पर हैं जो कि रात 12 बजे से रात 12 बजे तक की स्थिति है।

Subscribe to our daily hindi newsletter