अगले 48 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बनने के आसार

चक्रवाती प्रसार को देखते हुए, मौसम विभाग ने 19 से 22 जुलाई तक ओडिशा में भयंकर या भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार जताए हैं

By Dayanidhi

On: Wednesday 19 July 2023
 
फोटो: आईस्टॉक

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती प्रसार बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी और निकटवर्ती तटीय ओडिशा पर बना हुआ है और यह मध्य स्तरों तक फैला हुआ है। जो समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर है, साथ ही झारखंड और छत्तीसगढ़ के ऊपर एक और चक्रवाती परिसंचरण है, जो औसत समुद्र स्तर से 1.5 किमी ऊपर है। इसके कारण अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, एक चक्रवाती प्रसार दक्षिणी छत्तीसगढ़ पर और दूसरा चक्रवाती प्रसार उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के निचले स्तरों पर जारी है।

चक्रवाती प्रसार को देखते हुए, मौसम विभाग ने कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। वहीं 19 से 22 जुलाई तक ओडिशा में भयंकर या भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 20 से 22 जुलाई तक चक्रवाती प्रसार के निम्न दबाव में बदलने की आशंका है। मौसम विभाग के द्वारा मछुआरों को गहरे समुद्री इलाकों में न जाने की चेतावनी जारी कर दी गई है।

मौसम विभाग की मानें तो कई तरह के चक्रवाती परिसंचरण और मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते अगले पांच से सात दिनों के दौरान तेलंगाना में भी भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने, तूफानी गतिविधि को देखते हुए, आदिलाबाद, मंचेरियल, निर्मल, जगतियाल, राजन्ना सिरसिल्ला, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपलपल्ली, वारंगल, रंगारेड्डी, हैदराबाद, मेडचल मल्काजगिरी जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शहर में लगभग 10 से 12 किमी प्रति घंटे की दक्षिण-पश्चिमी सतही हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें जारी रहेंगी।

वहीं कलकत्ता पर इस तूफानी गतिविधि का असर देखें तो मौसम विभाग ने कहा कि, यह बंगाल तट से बहुत दूर है और इसका कोलकाता पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा, कोलकाता में गरज के साथ बारिश जरूर हो सकती है।

यह प्रणाली उत्तर-पश्चिमी खाड़ी और तटीय ओडिशा पर बनी हुई है। जब यह कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल जाएगा और अंतरिक हिस्सों में आगे बढ़ेगा तो ओडिशा के अलावा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है।

कम दबाव को देखते हुए मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज उत्तर केरल, कर्नाटक और गुजरात तटों पर 40 से 45 किमी प्रति घंटे से लेकर 55 किमी प्रति घंटे तक की गति से तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं। वहीं आज गोवा, महाराष्ट्र के तटों, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों और अंडमान सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण तमिलनाडु तट के साथ-साथ, दक्षिण पश्चिम और मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter