चक्रवात मांडूस: तमिलनाडु,आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आस-पास के इलाकों के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Wednesday 07 December 2022
 

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में पिछले कुछ घंटों में बना दबाव 12 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया। इसके आज एक भयंकर चक्रवात में बदल कर पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने के आसार हैं।

यह त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 570 किमी पूर्व में, जाफना (श्रीलंका) से लगभग 710 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में, कराईकल से लगभग 770 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और चेन्नई से लगभग 830 किमी दक्षिण-पूर्व में जारी है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कम दबाव के पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और सात दिसंबर की शाम के आसपास धीरे-धीरे तेज होकर एक चक्रवाती तूफान मांडूस में बदलने के आसार हैं। वहीं आठ दिसंबर की सुबह तक इसके उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी और आसपास के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों से बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

यह अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी और इससे सटे दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखेगा।

उपरोक्त चक्रवाती गतिविधि को देखते हुए आज सात दिसंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है।

वहीं आठ दिसंबर को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आस-पास के इलाकों के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं

उत्तरी तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और इससे सटे दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों पर भी जमकर बरसेंगे बादल, वहीं नो दिसंबर को रायलसीमा तथा इससे सटे इलाकों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।

10 दिसंबर को उत्तर तमिलनाडु और रायलसीमा और दक्षिण आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

11 दिसंबर को उत्तर आंतरिक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मांडूस चक्रवात के चलते आज दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं शाम सात बजे से तूफानी हवाओं के धीरे-धीरे बढ़कर 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के 80 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने का पूर्वानुमान है।

चक्रवात मांडूस की गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter