चक्रवात मोका अपडेट: आईएमडी ने जारी की चेतावनी, 10 मई को हो सकती है भारी बारिश

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में आठ से 10 मई के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Friday 05 May 2023
 

मौसम विभाग के मुताबिक कल, छह मई, 2023 के आस-पास दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इसके प्रभाव में सात मई के आसपास इसी इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका जताई गई है।

इसके आठ मई के आसपास बंगाल की दक्षिण पूर्व खाड़ी पर एक दबाव के रूप में बदलने का पूर्वानुमान है। इसके बाद, बंगाल की खाड़ी के मध्य की ओर लगभग उत्तर की ओर बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान के और प्रबल होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद इसके मार्ग और प्रबलता का विवरण दिया जाएगा। मौसम विभाग ने आगे कहा कि इसकी लगातार और नियमित रूप से निगरानी की जा रही है।
सात मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने और आठ से 10 मई के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है

मौसम विभाग के मुताबिक, सात मई को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा अंडमान सागर के आस-पास के इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व, अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के आस-पास के इलाकों में हवा की गति के धीरे-धीरे बढ़कर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने की आशंका है।

आठ और नौ मई तथा 10 मई से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी अंडमान सागर में तूफानी हवाओं का दौर जारी रहेगा।

10 मई से दक्षिण-पूर्व और आसपास की मध्य बंगाल की खाड़ी में चलने वाली तूफानी हवाओं की गति के धीरे-धीरे 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से और तेज होकर 80 किमी प्रति घंटे की गति को छूने के आसार हैं।

सात मई को दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति के खराब होने तथा आठ मई के बाद से बहुत ज्यादा खराब होने की आशंका है। नौ मई को समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आठ और नौ मई के दौरान अंडमान सागर के उग्र से बहुत उग्र होने के आसार हैं और 10 मई से उत्तरी अंडमान सागर में भारी लहरें उठने की आशंका जताई गई है।

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों, छोटे जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को सलाह दी है कि वे सात मई से बंगाल की दक्षिण पूर्व खाड़ी और आस-पास के क्षेत्रों में और नौ मई से बंगाल की मध्य खाड़ी में न जाए।

मौसम विभाग ने कहा, जो लोग बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में हैं उन्हें सात मई से पहले सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी गई है और जो लोग बंगाल की खाड़ी के मध्य में हैं उन्हें नौ मई से पहले वापस जाने की सलाह दी जाती है।

आठ से 12 मई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पर्यटन और अपतटीय गतिविधियों और शिपिंग आदि तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए जाने से परहेज करें।

वहीं मौसम विभाग ने आठ से 12 मई के दौरान दक्षिण पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी के समुद्री क्षेत्रों में शिपिंग आदि तरह के व्यापार से संबंधित काम गतिविधि न करने की सलाह दी गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter