चक्रवात 'तेज' गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा कल

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान का गुजरात पर कोई असर नहीं होगा, क्योंकि चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा

By Dayanidhi

On: Saturday 21 October 2023
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, अरब सागर में बन रहा चक्रवात 'तेज' आज 'चक्रवाती तूफान' में बदल सकता है और 22 अक्टूबर यानी रविवार शाम तक इसके 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदलने की आशंका जताई गई है। वहीं 20 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में बने कम दबाव का क्षेत्र एक डिप्रेशन या अवसाद में बदल गया है।

मौसम विभाग ने बताया है कि, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर पर बना गहरा दबाव पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर सोकोट्रा (यमन) से लगभग 820 किमी पूर्व-दक्षिण और सलालाह हवाई अड्डे (ओमान) से 1100 किमी दक्षिण-पूर्व की ओर चला गया है। इसके अगले छह घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने और 22 अक्टूबर की शाम को और खतरनाक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

इसके बाद, यह 24 अक्टूबर की सुबह से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर दक्षिण ओमान और आसपास के यमन तटों की ओर बढ़ेगा और सलालाह (ओमान) और अल ग़ैदा (यमन) के बीच ओमान-यमन तटों को पार करेगा।

मौसम विभाग के मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के मुताबिक, चक्रवात 'तेज' के रविवार को भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने और ओमान के दक्षिणी तटों और निकटवर्ती यमन की ओर बढ़ने की आशंका है। चक्रवातों के नामकरण के लिए अपनाए गए फॉर्मूले के अनुसार भारत द्वारा चक्रवात का नाम 'तेज' रखा गया है।

वहीं मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में तूफान के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठने के बारे में बताया है, जिससे समुद्र की स्थिति बहुत खराब बनी हुई है। 21 से 23 अक्टूबर तक भारी तूफानी स्थिति के जारी रहने के आसार हैं।

वहीं 21 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और निकटवर्ती मध्यम बंगाल की खाड़ी में तूफानी हवाओं के साथ भयानक लहरों के जारी रहने के आसार हैं। इन लहरों के 23 अक्टूबर को बहुत उग्र होने की आशंका है। 24 से 26 अक्टूबर तक ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान का गुजरात पर कोई असर नहीं होगा, क्योंकि चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा, इसलिए इसका गुजरात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।  

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के कारण 23 और 24 अक्टूबर को केरल में और 24 अक्टूबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

चक्रवाती तूफान को देखते हुए, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम अरब सागर में आज, 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 75 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार जताए हैं। वहीं 21 अक्टूबर की सुबह तक तूफानी हवाओं की गति के 60 से 70 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे होने की आशंका है। 22 अक्टूबर की सुबह तक तूफानी हवाओं की गति 80 से 90 किमी प्रति घंटे से लेकर 100 किमी प्रति घंटे तक होने के आसार हैं।

वहीं पूर्व मध्य अरब सागर में आज, 50 से 60 किमी प्रति घंटे से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। 22 अक्टूबर की सुबह तक 80 से 90 किमी प्रति घंटे से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

23 अक्टूबर की सुबह तक इन तूफानी हवाओं के 95 से 105 किमी प्रति घंटे से 115 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। वहीं, 23 अक्टूबर की शाम को 105 से 115 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 125 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने के आसार हैं।

इसके बाद, धीरे-धीरे हवाओं की गति के कम होने की संभावना है। तूफानी हवा की गति 24 अक्टूबर की शाम तक 85 से 95 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 115 किमी प्रति घंटे और 25 अक्टूबर की सुबह 70 से 80 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 90 किमी प्रति घंटे हो जाएगी।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

वहीं मौसम विभाग ने, समुद्र में गए मछुआरों को तट पर लौटने की सलाह दी गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter