अगले छह घंटों में और तेज हो जाएगा चक्रवात, इन तटीय राज्यों में भारी बारिश के आसार

कम दबाव के क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 16 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से दूर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव में तब्दील होने का अनुमान है।

By Dayanidhi

On: Wednesday 15 November 2023
 
स्रोत: आईएमडी

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज, 15 नवंबर, 2023 को भारतीय समयानुसार सुबह 05:30 बजे पश्चिम मध्य और पूर्व मध्य तथा दक्षिण बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों पर स्थित था।

इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान और तेज होकर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक दबाव में तब्दील होने की आशंका जताई गई है

इसके बाद, यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 16 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से दूर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव में तब्दील हो जाएगा। बाद में यह उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ेगा और 17 नवंबर को ओडिशा तट से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेगा।

एक अन्य चक्रवाती प्रसार दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका पर जारी है जो मध्य स्तरों तक फैला हुआ है। इस चक्रवाती प्रसार की वजह से निचले स्तरों पर बना कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती प्रसार तक एक ट्रफ रेखा भी जा रही है।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तटीय जिलों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार जताए हैं।
वहीं आज यानी 15 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

आज, 15 नवंबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश में और वृद्धि होकर इन इलाकों के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है

16 और 17 नवंबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। 16 नवंबर को ओडिशा के तटीय जिलों के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

वहीं नागालैंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। 16 से 18 नवंबर के दौरान मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में और 17 नवंबर को दक्षिण असम और पूर्वी मेघालय में जमकर बरसेंगे बादल।

तूफानी गतिविधि को देखते हुए, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आंध्र प्रदेश तट और उसके आसपास मछुआरों के लिए न जाने चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण, जिसके पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में एक अवसाद में बदलने के आसार हैं, आज से हवा की गति के बढ़ने का पूर्वानुमान है।

चक्रवाती तूफान को देखते हुए, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, पश्चिम मध्य और आसपास के उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ ओडिशा और आसपास के उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज, तमिलनाडु और पुडुचेरी तथा श्रीलंका के तटों, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter