अरब सागर पर बने दबाव से चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' के तीव्र होने के आसार: मौसम विभाग

इस तरह के मौसम की स्थिति नमी को दूर कर  देगी जिससे मॉनसून की कमजोर शुरुआत होगी

By Dayanidhi

On: Tuesday 06 June 2023
 
फोटो साभार :आई-स्टॉक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अरब सागर में एक बहुत ही खतरनाक चक्रवात बनने का अंदेशा है। डिप्रेशन या अवसाद दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर बना है और यह भारतीय समय के मुताबिक 05 30 बजे गोवा के पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम में लगभग 920 किमी, मुंबई से 1,120 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम, पोरबंदर से 1160 किमी दक्षिण और कराची से 1520 किमी दक्षिण में केंद्रित है।

इसके अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य अरब सागर और इससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर की ओर बढ़ने तथा अगले 24 घंटों के दौरान एक खतरनाक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। 

विशेषज्ञों की राय है कि इस तरह के मौसम की स्थिति नमी को दूर कर देगी जिससे मॉनसून की कमजोर शुरुआत होगी। मौसम विभाग ने मुंबई में मॉनसून की शुरुआत की आधिकारिक तारीख 11 जून बताई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम विभाग का पूर्वानुमान अरब सागर में एक बहुत गंभीर चक्रवात की ओर इशारा दे रहा हैं, जो मॉनसून की शुरुआत के बजाय नमी को दूर कर देता है। एक असाधारण रूप से गर्म अरब सागर, एक कमजोर मॉनसून की शुरुआत और अनुकूल एमजेओ (मैडेन-जूलियन दोलन) स्थितियां इस चक्रवात का पक्ष ले रही हैं। यह स्पष्ट रूप से जलवायु परिवर्तन की कड़ी है, क्योंकि अरब सागर का गर्म होना अधिक तीव्र चक्रवातों के हक में है।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने  केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज तूफानी हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश होने के आसार जताए हैं। वहीं अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह की गतिविधि के जारी रहने के आसार हैं।

छह और सात जून को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं सात से नौ जून के दौरान लक्षद्वीप, केरल और सात जून को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी जमकर बरसेंगे बादल।

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज यानी छह जून को दक्षिण पूर्व और आसपास के मध्य और दक्षिण पश्चिम अरब सागर तथा सात से नो जून के दौरान पश्चिम मध्य और दक्षिण अरब सागर के पूर्व मध्य और आसपास के इलाकों में जाने से परहेज करने को कहा है। 

वहीं छह और सात जून के दौरान केरल-कर्नाटक तटों, लक्षद्वीप-मालदीव क्षेत्रों और आठ से 10 जून के दौरान कोंकण-गोवा-महाराष्ट्र के तटों तथा 10 जून को ही पश्चिम मध्य अरब सागर के पूर्व मध्य और आसपास के इलाकों में मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को न जाने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज, दक्षिण-पूर्व और आस-पास के दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, केरल-कर्नाटक-गोवा के तटों के साथ-साथ, अरब सागर के मध्य भागों, लक्षद्वीप-मालदीव के इलाकों, अंडमान सागर, दक्षिण और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज पूर्वोत्तर अरब सागर, उत्तर गुजरात तट के साथ-साथ, मन्नार की खाड़ी और निकटवर्ती कोमोरिन क्षेत्र में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए, मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter