दो दिसंबर को बंगाल की खाड़ी में बन सकता है चक्रवाती तूफान, जानें कहा होगी भारी बारिश

मौसम विभाग ने भारत के पूर्वी तट (उत्तरी तमिलनाडु से ओडिशा तक) समुद्र में गए मछुआरों को पहली दिसंबर तक तट पर लौटने को कहा है।

By Dayanidhi

On: Wednesday 29 November 2023
 
फोटो: आईस्टॉक

दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तथा दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज, यानी 29 नवंबर 2023 को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर अच्छी तरह से कम दबाव के क्षेत्र में बन गया है।

इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 30 नवंबर, 2023 के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में एक गहरे दबाव में तब्दील होने के आसार हैं। इसके बाद, इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसके अगले 48 घंटे के दौरान दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी के ऊपर एक खतरनाक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के आसार हैं

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने, 29 से पहली दिसंबर के दौरान निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई है। यहां 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने के आसार हैं।

वहीं, 30 नवंबर को अंडमान द्वीप समूह के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम तथा कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, यानी यहां 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

Source : IMD

तूफानी गतिविधि को देखते हुए, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, 29 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 25 से 35 किमी प्रति घंटे से लेकर 45 किमी प्रति घंटे तक की तेज तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।
30 नवंबर को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

पहली दिसंबर को यहां 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज तूफानी हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। दो दिसंबर को 60 से 70 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं पहली दिसंबर की सुबह से निकटवर्ती बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाओं के चलने की आशंका जताई गई है। हवाओं की रफ्तार के, दो दिसंबर की सुबह 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

पहली दिसंबर को निकटवर्ती मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने तथा दो दिसंबर को 50 से 60 किमी प्रति घंटे से लेकर 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं।

इसके अलावा मौसम विभाग ने 29 और 30 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर, 30 नवंबर से दो दिसंबर के दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व के हिस्सों तथा 30 नवंबर से दो दिसंबर को दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में मछुआरों को मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए जाने से बचने को कहा गया है।

भारत के पूर्वी तट (उत्तरी तमिलनाडु से ओडिशा तक) के मछुआरों को पहली दिसंबर तक तट पर लौटने को कहा गया है।

वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि, वह तूफानी गतिविधि की लगातार निगरानी कर रहा है और इससे संबंधित अपडेट समय-समय पर जारी किया जाएगा।

Subscribe to our daily hindi newsletter