चक्रवात मोका का असर, इन हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर में आज, नौ मई 2023 को भारतीय समय के अनुसार 05:30 बजे अच्छी तरह से कम दबाव का क्षेत्र बन गया है

By Dayanidhi

On: Tuesday 09 May 2023
 

मौसम विभाग ने दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के चलते मौसम संबंधी बदलाव को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तमिलनाडु तट से बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी से बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी और आसपास के दक्षिण अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना गया है, जहां हवाओं का ट्रफ जारी है। इससे जुड़े चक्रवाती प्रसार समुद्र तल से औसतन 1.5 किमी से 5.8 किमी के बीच है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर में आज, नौ मई 2023 को भारतीय समय के अनुसार 05:30 बजे अच्छी तरह कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।

इसके उसी इलाके में आज शाम तक एक कम दबाव के रूप में बने रहने और बाद में 10 मई को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी और अंडमान सागर के आस-पास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती तूफान 'मोका' में बदलने के प्रबल आसार हैं

इसके शुरुआत में 12 मई की सुबह तक उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है। इसके बाद इसके धीरे-धीरे मुड़ने और उत्तर, उत्तर पूर्व की ओर बांग्लादेश-म्यांमार तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए, आज नौ मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है

वहीं 10 और 11 मई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि, 12 मई को अंडमान द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में जमकर बरस सकते हैं बादल।

मौसम विभाग की मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग ने मछुआरों, छोटे जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि वे आज यानी नौ मई से दक्षिण-पूर्व और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में न जाएं।
वहीं मौसम विभाग ने उन लोगों को भी लौटने की सलाह दी है जो लोग बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य और उत्तरी अंडमान सागर में हैं।

तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने, नौ से 12 मई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास पर्यटन और अपतटीय गतिविधियों और नौका चलाने और इसी समय अवधि के दौरान दक्षिण पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के समुद्री क्षेत्रों में किसी तरह की गतिविधि न करने की सलाह दी है।

Subscribe to our daily hindi newsletter