चक्रवाती तूफान 'आसनी' के चलते अंडमान में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा

अंडमान सागर के ऊपर बना गहरा दबाव आज चक्रवाती तूफान में बदलकर कल म्यांमार के थांडवे तट को पार कर सकता है

By Dayanidhi

On: Tuesday 22 March 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी अंडमान सागर और पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों पर बना गहरा अवसाद, या डीप डिप्रेशन पिछले 06 घंटों के दौरान 16 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना गहरा दबाव आज एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। 

आज 22 मार्च को 05: 30 बजे यह उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों पर केंद्रित था। यह मायाबंदर (अंडमान द्वीप समूह) से लगभग 250 किमी उत्तर, उत्तर-पूर्व में, पोर्ट ब्लेयर (अंडमान द्वीप समूह) से 390 किमी उत्तर, उत्तर-पूर्व में, यांगून (म्यांमार) से 300 किमी दक्षिण-पश्चिम में और थांडवे (म्यांमार) से 400 किमी दक्षिण में बना हुआ है।

यह अंडमान द्वीप समूह से लगभग उत्तर की ओर बढ़ना जारी रखेगा और धीरे-धीरे कमजोर होगा। 22 मार्च की दोपहर के आसपास यह एक गहरे अवसाद के रूप में म्यांमार तट को पार करेगा।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

आज 22 मार्च को उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर और उसके ऊपर 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार मैं तब्दील होने के आसार हैं।

इसके बाद के 12 घंटों के लिए म्यांमार तट और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर के साथ-साथ धीरे-धीरे 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की रफ्तार घटकर 65 किमी प्रति घंटे में बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इन इलाकों में मछुआरों तथा सभी पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाने की सलाह दी है।

Source : IMD

कोलकाता के मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल पर चक्रवात का कोई प्रभाव पड़ने का अनुमान नहीं है। उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि के खत्म होने के बाद बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक उच्च दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। उच्च दबाव का क्षेत्र दक्षिण बंगाल में नमी भेज सकता है और विशेष रूप से तटीय क्षेत्रों में यह प्री-मानसून गरज के साथ कुछ गतिविधि शुरू कर सकता है।

बंगाल की खाड़ी दुनिया के सबसे गर्म समुद्रों में से एक है। वर्ष के अधिकांश समय में, समुद्र की सतह का तापमान लगभग 29 डिग्री होता है। कुछ जगहों पर तापमान 30 डिग्री तक बढ़ सकता हैं।

चक्रवात आसनी के म्यांमार के थांडवे के पास टकराने या लैंडफॉल होने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter